Home छत्तीसगढ़ मां दंतेश्वरी की पावन धरा से निकली सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत...

मां दंतेश्वरी की पावन धरा से निकली सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी का आह्वान

4
0

दंतेवाड़ा :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को दंतेवाड़ा में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया।

मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर के मेंढका डोबरा से मशाल प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा शुरू हुई। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेट बैंक चौक तक पहुंची। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ युवा, किसान, श्रमिक और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

मां दंतेश्वरी की धरती से सेवा और सुशासन का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मां दंतेश्वरी की पावन धरती से सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान विभिन्न जनसेवा और सामाजिक गतिविधियों के जरिए नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

महेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य नागरिकों की सहभागिता से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने मां दंतेश्वरी की पावन भूमि से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की और लोगों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

‘अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ’

विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ‘सेवा ही संगठन’ की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

दंतेवाड़ा में बनेगा ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’

कार्यक्रम के दौरान दंतेवाड़ा में इसी स्थल पर ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ के निर्माण की घोषणा भी की गई।

आयोजकों के अनुसार, सेवा चौक के जरिए सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को स्थायी रूप से जनमानस से जोड़ने का उद्देश्य है।

बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

सेवा ज्योति रथ को मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर, मेंढका डोबरा से रवाना किया गया। मशाल प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेट बैंक चौक पहुंची। इस दौरान शामिल नागरिकों ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, भाजपा जिला संगठन प्रभारी शिवनारायण पांडे, विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला महामंत्री सत्यजीत चौहान, मुन्ना मरकाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, सुकालू मुड़ामी, युवा, नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।