Home छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर बड़ी बरामदगी, .303 रायफल, पिस्टल और BGL लॉन्चर समेत...

महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर बड़ी बरामदगी, .303 रायफल, पिस्टल और BGL लॉन्चर समेत 6 हथियार मिले

4
0

रायपुर :  महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे कोपर्शी जंगल में गडचिरोली पुलिस ने सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री के डंप का पता लगाया है। पुलिस ने मौके से 6 अग्निशस्त्र, 10 BGL सेल, 21 जिंदा कारतूस और 7 डेटोनेटर समेत बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की है।

बरामद हथियारों में .303 रायफल, दो सिंगल शॉट रायफल, दो देशी पिस्टल और एक BGL लॉन्चर शामिल हैं।

खुफिया सूचना के बाद चलाया गया अभियान

पुलिस को सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा के कोपर्शी जंगल में माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला करने और विस्फोट करने के उद्देश्य से हथियार एवं विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है।

सूचना के आधार पर 6 अक्टूबर को एसपी एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान शुरू किया गया। सर्चिंग के लिए प्राणहिता की विशेष अभियान टीम की 5 टुकड़ियों के साथ BDDS की 2 टीमों को जंगल में भेजा गया।

जमीन में छिपा मिला हथियारों का डंप

सुरक्षा जवानों ने जंगल को घेरकर संदिग्ध स्थानों की बारीकी से तलाशी ली। इसी दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक मौके से हथियारों और विस्फोटकों के अलावा 2 मैगजीन, 2 कुकर, 3 वॉकी-टॉकी, 3 चार्जर और 2 वॉकी-टॉकी बैटरियां भी बरामद की गई हैं।

घात लगाकर हमले में इस्तेमाल की आशंका

पुलिस के अनुसार, माओवादी दुर्गम जंगलों का फायदा उठाकर हथियार और विस्फोटक सामग्री को अलग-अलग स्थानों पर जमीन के भीतर छिपाकर रखते हैं। जरूरत के मुताबिक इनका इस्तेमाल सुरक्षा बलों की आवाजाही, चुनाव या नक्सल सप्ताह के दौरान घात लगाकर हमले जैसी वारदातों में किए जाने की आशंका रहती है।

पुलिस का कहना है कि कोपर्शी जंगल से बरामद सामग्री भी इसी तरह के उद्देश्य से छिपाकर रखे जाने की आशंका है।

माओवादी साहित्य मौके पर नष्ट

सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम को कुछ माओवादी साहित्य भी मिला। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में इसे घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया।

इस पूरे अभियान में विशेष अभियान दल, प्राणहिता, इंटेलिजेंस सेल और BDDS टीम के जवान शामिल रहे। एसपी एम. रमेश ने अभियान में शामिल जवानों के प्रयासों की सराहना की।