Home छत्तीसगढ़ मानसून ने भारत में दी दस्तक, केरल में शुरू हुई बारिश, इस...

मानसून ने भारत में दी दस्तक, केरल में शुरू हुई बारिश, इस दिन पहुंचेगा छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश

54
0

नई दिल्लीः  दक्षिण पश्चिम मानसून ने अपने सामान्य समय से एक हफ्ते की देरी के बाद बृहस्पतिवार को भारत में दस्तक दे दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मानसून के केरल आने की घोषणा की है। अगले कुछ ही घंटों में यह कर्नाटक और तमिलनाडू पहुंच जाएगा। हवा की गति और परिस्थिति सही रही तो बहुत तेजी से दक्षिण से उत्तर की तरफ बढ़ेगा

मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए मैप के मुताबिक, 10 जून तक मॉनसून महाराष्ट्र पहुंच जाएगा और बिहार की सीमा तक टकराएगा। इसके बाद आगे बढ़ते हुए 15 जून को ये गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार पर पहुंच जाएगा। वहीं, 20 जून को ये गुजरात के आंतरिक इलाकों, एमपी के मध्य हिस्सों और उत्तर प्रदेश में दस्तक देगा। इसके अलावा 25 जून तक ये हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर में भी पहुंच जाएगा और 30 जून को ये राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में पहुंच जाएगा और आगे बढ़ते हुए 8 जुलाई तक मॉनसून पूरे देश को कवर कर लेगा।

IMD ने गरुवार को एक बयान में कहा, ‘दक्षिण पश्चिम मॉनसून आज आठ जून को केरल पहुंच गया।’ बयान में कहा गया है, ‘मॉनसून दक्षिण अरब सागर के शेष हिस्सों और मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों तथा समूचे लक्षद्वीप क्षेत्र, केरल के अधिकतर क्षेत्र, दक्षिण तमिलनाडु के अधिकतर हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र के शेष हिस्सों, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण पश्चिम, मध्य एवं उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों की ओर बढ़ रहा है।’