कांकेर, : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सोमवार सुबह सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) का एक जवान गलती से खुद की इंसास राइफल से चली गोली से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन की सुरक्षा के लिए एसएसबी के दल को शिविर से रवाना किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब जवान तुमपाल गांव के करीब थे तभी आरक्षी इंद्रजीत यादव ने गलती से अपनी सर्विस इंसास राइफल से गोली चला दी, जो उसके कंधे पर लगी।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद यादव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ ले जाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यादव की हालत स्थिर है और उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले जाया जा रहा है।