रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों आगामी चुनाव को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस और सरकार से लगातार नाराज रहने वाले स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव राजनीति के केंद्र बिंदु में हैं। टीएस सिंहदेव के कांग्रेस छोड़कर नहीं जाने वाले बयान को लेकर राजनीतिक दलों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
वहीं विपक्ष की ओर से लगातार टीएस सिंहदेव के ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले को लेकर भी टिप्पणियां की जा रही है। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल का टीएस सिंहदेव के कांग्रेस छोड़कर नहीं पर बड़ा बयान सामने आया है। नेता प्रतिपक्ष ने इस पर प्रतिक्रिया दी कि बाबा को यह कहने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? ऐसी कौन सी स्थिति पैदा हो गई कि वे सफाई दे रहे हैं। भाजपा हो या अन्य राजनीतिक दल बाबा में कोई संभावनाएं दिखती होगी। बाबा कांग्रेस में भारी उपेक्षा का दर्द झेल रहे हैं। सार्वजनिक बयान नहीं कर सकते।
नेता प्रतिपक्ष ने तंज कसते हुए साथ ही यह भी कहा कि टीएस सिंहदेव अच्छे आदमी हैं कमरे में जाकर ही सिसकते हैं। जैसे चुनाव नजदीक आएगा, कांग्रेस सहित अन्य लोग भाजपा के नजदीक आएंगे। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की स्थिति वही है। दिल के टुकड़े हजार हुए कोई इधर गिरा कोई उधर गिरा। टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल के ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले को लेकर भाजपा और कांग्रेस में कई तरह की बातें चल रही हैं। यहां तक की टीएस सिंहदेव को कई अन्य दलों से ऑफर भी मिल रहा है।
देखा जाए तो एक तरह से राजनीतिक दलों में जुबानी जंग छिड़ गई है। आपको बता दें कि टीएस सिंहदेव कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। जानकारी के मुताबिक प्रदेश में इस बार बाबा को सीएम बनाए जानें की संभावनाएं जताई जा रही हैं। अब देखना होगा कि इस बार छत्तीसगढ़ की सत्ता में सियासत की हवा किस ओर अपना रुख बदलती है?