छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर पक्ष और विपक्ष वादे और इरादे को लेकर आमने सामने आ गए हैं। दरअसल राज्यसभा सदस्य रंजीत रंजन ने कल मीडिया के सामने प्रदेश की जनता से वादा किया था कि यहां भी 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। वहीं, अब रंजीत रंजन के वादे पर BJP विधायक रंजना साहू ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि पहले तो ये बताइए 4 सिलेंडर मुफ्त देने के वादे का क्या हुआ?
विधायक रंजना साहू ने सांसद रंजीत रंजन पर पलटवार करते हुए कहा है कि मैं छत्तीसगढ़ की बेटी रंजना साहू बिहार क़ी रंजीता रंजन को चुनौती देना चाहती हूं कि बताएं ग्रामीण इलाकों में 4 सिलेंडर मुफ्त देने के वादे का क्या हुआ? महिलाओं को 500 रुपए प्रति महीने देने की बात की थी कितनों को दिया? महिलाओं का कर्जा माफ क्यों नहीं किया? झूठ बोलकर जनता को भ्रमित करना कांग्रेस के व्यवहार में आ गया है
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने कहा कि राजस्थान की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। आने वाले समय में पार्टी इसे अपने चुनावी घोषणापत्र में शामिल करेगी।




