Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ विधानसभा 2023 : पहले चरण की बीस सीटों में आठ विधायकों...

छत्तीसगढ़ विधानसभा 2023 : पहले चरण की बीस सीटों में आठ विधायकों का कट सकता है टिकट

17
0

रायपुर : दिल्ली में गुरुवार को हुई कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 90 नामों पर चर्चा हुई, लेकिन आम सहमति नहीं बन पाई। इसके लिए फिर नए सिरे से बैठक होगी। इस बात के संकेत कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने दिए हैं। वहीं पहले चरण की 20 विधानसभा सीटों में भी कुछ नामों पर सहमति नहीं बन सकी थी। हालांकि 20 नामों की सूची 15 अक्टूबर तक आ जाएगी। कांग्रेस की दूसरी सूची 17 अक्टूबर को आने की उम्मीद जताई जा रही है। बताया जाता है कि भाजपा की सूची आने के बाद कांग्रेस ने अपनी रणनीति बदली है। जिसके बाद करीब 8 विधायकों का टिकट कट सकता है।

बताया जाता है कि बैठक के बाद कांग्रेस अपने एक मंत्री की टिकट काट सकती है। हालांकि इसके नाम का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन इनका नाम दूसरे चरण की सूची में आ सकता है। वहीं पहली सूची में अधिकांश नामों पर सहमति बनाने के बाद दूसरे चरण की टिकटों पर पेच फंसा हुआ है। इनकी संख्या करीब 50 बताई जाती है। सूत्रों का कहना है कि इन नामों को शॉर्ट लिस्ट करने के लिए एक कमेटी अलग से बनाई गई है। दिल्ली में हुई बैठक के बाद सैलजा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, बैठक में 90 विधानसभा सीटों पर चर्चा हुई। हमें एक-दो इनपुट और लेने हैं। इसके बाद एक-दो दिन में नामों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा, किसी भी विधानसभा सीट में विवाद की स्थिति नहीं है। सभी की सहमति से काम हो रहा है। बताया जाता है कि भाजपा उम्मीदवारों की सूची को देखते हुए कांग्रेस ने भी अपने समीकरण में थोड़ा बदलाव किया है। इसके लिए पार्टी ने नए सिरे से एक्सरसाइज की है।

पहली सूची में बदलेंगे कई चेहरे

भाजपा के टिकट वितरण के बाद कांग्रेस भी फूूंक-फूंककर कदम रख रही है। यही वजह है कि कांग्रेस ने पहले चरण की 20 विधानसभा सीटों में से कई चेहरे को बदलने की तैयारी कर ली है। सूत्रों की मानें तो पहले चरण में करीब 8 विधायकों की टिकट कट सकती है। इनकी जगह कांग्रेस महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता देने की तैयारी में है।