Home धर्म - ज्योतिष आज से शुरू हुआ कार्तिक का महीना, निद्रासन से जागेंगे श्री हरि,...

आज से शुरू हुआ कार्तिक का महीना, निद्रासन से जागेंगे श्री हरि, इस माह में करें ये शुभ उपाय

12
0

नई दिल्ली :  कार्तिक महीना कई मायनों में बहुत खास है। इसी महीने दिवाली मनाई जाती है। भगवान विष्‍णु 4 महीने की योगनिद्रा के बाद जागते हैं फिर तुलसी संग विवाह रचाते हैं। इस तरह भगवान विष्‍णु और मां लक्ष्‍मी की कृपा पाने के लिए यह महीना विशेष होता है। कार्तिक माह में रोजाना सुबह पवित्र नदी में स्‍नान करने, भगवान विष्‍णु और मां लक्ष्‍मी की पूजा करने से जीवन सुख, समृद्धि से भर जाता है। इस साल कार्तिक माह 29 अक्‍टूबर 2023 से शुरू हो रहा है और 27 नवंबर 2023 तक चलेगा। कार्तिक महीने में यदि कुछ ज्योतिषीय उपाय किए जाएं तो जीवन में अपार सुख और समृद्धि आ सकती है।

कार्तिक महीने में तुलसी पत्र से श्री विष्णु की पूजा करने से भगवान विष्णु बहुत प्रसन्न होते हैं। कार्तिक महीने के दौरान शाम के समय तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक जरूर जलाना चाहिए। इससे घर की सुख- समृद्धि बनी रहती है। इस माह में रोजाना सुबह उठकर स्नान कर के तुलसी पर जल जरूर अर्पित करें। ऐसा करने से आपके घर की सभी समस्याएं दूर हो जाएंगी। इसके अलावा कार्तिक में सुबह उठकर तुलसी दल का सेवन भी बड़ा ही लाभकारी होता है। लेकिन ध्यान रहे कि तुलसी की पत्ती को चबाया नहीं जाता उसे पानी के साथ निगलना चाहिए।

कार्तिक मास में करें ये उपाय

– पूरे कार्तिक माह में तुलसी के पौधे की पूजा करें। इसके लिए सुबह-शाम तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक जलाएं। साथ ही तुलसी चालीसा का पाठ भी करें। इससे मां लक्ष्‍मी हमेशा आपके घर में वास करेंगी।

– कार्तिक माह में रोजाना शाम को अपने घर के मंदिर में 7 कपूर जलाएं। ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होगा और घर में सुख-शांति रहेगी। घर के लोगों के बीच झगड़े-कलह खत्‍म होंगे।

कार्तिक मास में अष्ट लक्ष्मी की पूजा करने का बड़ा महत्‍व है। अपार धन लाभ, संतान प्राप्ति और यश के लिए कार्तिक मास के हर शुक्रवार को अष्‍टलक्ष्‍मी की पूजा करें। अष्‍टलक्ष्‍मी की पूजा करने से देवी प्रसन्न होकर आपको एक साथ सभी कुछ प्रदान कर देती हैं।

– कार्तिक मास में गंगा स्‍नान का बड़ा महत्‍व है। यदि ऐसा संभव ना हो तो किसी अन्‍य पवित्र नदी में स्‍नान करें या घर में नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर स्‍नान करें। इससे भगवान विष्‍णु के कृपा से आपके सारे कष्‍ट दूर होंगे।

– कार्तिक मास में नहाने के पानी में थोड़ी सी काली तिल डालकर स्‍नान करने से आपका मन शांत रहेगा और घर की अशांति भी खत्‍म होगी।