Home छत्तीसगढ़ डिप्टी सीएम अरुण साव ने किए मां महामाया के दर्शन, की प्रदेश...

डिप्टी सीएम अरुण साव ने किए मां महामाया के दर्शन, की प्रदेश के सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना

9
0

बिलासपुर : नए साल के पहले दिन डिप्टी सीएम अरुण साव सपरिवार धार्मिक नगरी रतनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने मां महामाया और भैरव बाबा के दर्शन किए। इस दौरान डिप्टी सीएम साव ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर प्रदेश के सुख समृद्धि और खुशहाली की भी कामना की। डिप्टी सीएम साव ने इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि, प्रदेश में नया सूर्योदय हुआ है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है। छत्तीसगढ़ की जनता ने ऐतिहासिक बहुमत भाजपा को दिया है। वोट प्रतिशत के हिसाब से और सीटों के हिसाब से भी अब तक की सबसे बड़ी जीत हुई है। यह जीत छत्तीसगढ़ की जनता के आशीर्वाद से मिली है। ऐसे में जनता की अपेक्षाएं और उम्मीद हमारी सरकार से है। लिहाजा जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप हमारी सरकार काम करे। छत्तीसगढ़ खुशहाल बनें, समृद्ध बने, विकसित बने, इसकी कामना की है।

 डिप्टी सीएम साव ने आगे राहुल गांधी के न्याय यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि, इससे पहले भी राहुल गांधी ने एक यात्रा निकाली थी। कांग्रेस के हाथ से तीन राज्य चले गए। छत्तीसगढ़ उनके हाथ से चला गया। राजस्थान उनके हाथ से चला गया। मध्यप्रदेश में बड़ी उम्मीद पालकर रखी थी, वहां भी कुछ नहीं हुआ। इस यात्रा का भी वही हश्र होना है। कांग्रेस पार्टी और विपक्षी दल पीएम मोदी से मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं। मोदी का विरोध करते करते वो देश का विरोध करने लगे हैं। जनता से कट गए हैं, जनता से दूर चले गए। ऐसे में इस यात्रा का भी कोई लाभ कांग्रेस को नहीं मिलेगा। लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में 11 की 11 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतकर आएगी।