नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू तेज हो गईं है। एनडीए और इंडिया गठबंधन में बैठकों और मंथन का दौर लगातार जारी है। इस समय राहुल गांधी कांग्रेस को मजबूत करने के लिए भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर रहे हैं। तो दूसरी ओर एनडीए में भी लगातार बैठकें हो रही हैं। इंडिया गठबंधन में इस समय सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा हो रही है। लेकिन अब इस बीच पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कांग्रेस के साथ इंडिया गठबंधन में दरार पैदा कर दी है। हालांकि बता दें कि कई दिनों से ममता बनर्जी इंडिया गठबंधन के विचारों से परहेज कर रहीं थी।
बता दें कि ‘INDIA’ यानी विपक्षी गठबंधन को पश्चिम बंगाल में बड़ा झटका लगा है। खबर है कि मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने राज्य में अकेले ही चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। इससे पहले कहा जा रहा था कि टीएमसी ने कांग्रेस को दो सीटें देने की पेशकश की थी। इससे पहले उन्होंने ‘INDIA’ में शामिल वाम दलों पर भी गठबंधन पर हाईजैक करने के आरोप लगाए थे।
सीएम बनर्जी का कहना है कि कांग्रेस के साथ चर्चा फेल होने के बाद यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘जो भी प्रस्ताव मैंने उन्हें दिया, उन लोगों ने सभी पर इनकार कर दिया।’ उन्होंने कहा, ‘इसके बाद ही बंगाल में अकेले जाने का फैसला किया है।’ खबरें थी कि कांग्रेस ने राज्य में TMC से 10-12 सीटों की मांग की थी।
सीएम बनर्जी ने आरोप लगाए हैं कि कांग्रेस ने बंगाल में न्याय यात्रा के बारे में सूचित भी नहीं किया था। उन्होंने कहा, ‘शिष्टाचार के नाते उन्होंने मुझे ये जानकारी भी नहीं दी कि वह बंगाल में यात्रा करने जा रहे हैं।’ इसे पहले टीएमसी बंगाल में कांग्रेस की यात्रा में शामिल होने से भी इनकार कर चुकी है।