रायपुर : नए सत्र में रायपुर में एक भी नया स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय नहीं खोला जाएगा। पहले से चल रहे स्कूलों में ही बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। इन स्कूलों का संचालन स्कूल शिक्षा विभाग करेगा। स्कूलों के लिए नियमों में कुछ बदलाव किए गये हैं। अब तक यह स्कूल कलेक्टर की अध्यक्षता वाली समिति संचालित कर ही थी।
दरअसल, रायपुर में स्वामी आत्मानंद के कुल 36 स्कूल हैं। जिसमें उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम के 33 स्कूल हैं। पिछले साल 5 स्कूल खोले गए थे। इन स्कूलों में केवल पहली से 9वीं तक ही प्रवेश हुए थे। जबकि शशिबाला स्कूल का भवन जर्जर होने से वहां आत्मानंद स्कूल शुरू ही नहीं हो पाया था। लेकिन नए सत्र से वहां भी पढ़ाई शुरू होगी। इनमें अभी अभी 40-40 सीटों पर एडमिशन हुआ है।
50-50 सीटों में होगा एडमिशन
सभी स्कूलों में कक्षा पहली से 12वीं तक के लिए 50-50 सीटें हैं। इसमें कुछ सीटें महतारी दुलारी योजना के तहत प्रवेश लेने वाले बच्चों के लिए आरक्षित है। जानकारी के मुताबिक, कक्षा पहली में प्रवेश के लिए बच्चों की उम्र सीमा तय की गई है। इसके अनुसार पहली में प्रवेश लेने वाले बच्चों की उम्र 5 साल से साढ़े 6 साल के बीच ही होना चाहिए। इससे कम और ज्यादा उम्र के बच्चों को पहली में एडमिशन नहीं दिया जाएगा।
पिछले सत्र में आयु सीमा में हुआ था बदलाव
पिछली बार छात्रों की सुविधा के लिए आयु सीमा में बदलाव किया गया था। कक्षा-1 में प्रवेश के लिए उम्र की गणना 31 मार्च के बजाय 31 मई 2023 के आधार पर की गई थी। इसी तरह कक्षा-2 से 12वीं तक अंग्रेजी मीडियम के बच्चों का ही एडमिशन होगा। इसका सत्यापन उनकी टीसी और मार्कशीट से किया जाएगा।\
इन स्कूलों के लिए भर्ती जल्द
चर्चा यह भी है कि प्रदेश में आगामी शिक्षक भर्ती इन स्कूलों में भी हो सकती है। हालांकि इसको लेकर अभी चर्चाओं का दौर शुरू हुआ है। उम्मीद है जल्द ही भर्ती से संबंधित फैसला लिया जाएगा।
पहली कक्षा के लिए होड़
नए आत्मानंद अंग्रेजी स्कूलों में एडमिशन के लिए काफी होड़ है। पिछली बार कक्षा पहली के लिए ही हर स्कूलों में 500 से 800 आवेदन आए थे। किसी भी तरह बच्चों के एडमिशन के लिए परिजनों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों में आवेदन भरे थे। पिछले साल शुरू हुए नए 5 स्कूलों में से कई बच्चों के नाम 3 से 4 स्कूलों में भी शामिल थे।