रायपुर : छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। पहली बार प्रदेशभर के शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन जनवरी 2025 के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा। इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य छात्रों को बोर्ड परीक्षा के पैटर्न से अवगत कराना है, ताकि वे बेहतर तैयारी कर सकें।
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने बताया कि सभी स्कूलों को 10 जनवरी तक पाठ्यक्रम पूरा करने का निर्देश दिया गया है। प्री-बोर्ड परीक्षा में वही पैटर्न अपनाया जाएगा जो माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा निर्धारित ब्लू प्रिंट के अनुसार है। इसके लिए जिलों को समय सारिणी तैयार करने और प्रश्नपत्र निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है।
छात्रों और अभिभावकों में इस निर्णय को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है, क्योंकि इससे बच्चों को बोर्ड परीक्षा के दबाव में बेहतरी से सामना करने का अवसर मिलेगा।




