कोरबा : छत्तीसगढ़ कोरबा नगर निगम चुनाव में वार्ड 26 से भाजपा प्रत्याशी अजय विश्वकर्मा और उनके समर्थकों पर मतदाता से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। यह मामला मतदान केंद्र पर जबरन वोट डलवाने से जुड़ा है।
पीड़ित अंचल अग्रवाल की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अजय विश्वकर्मा (CG Election 2025) समेत संजय सिंह, जगविंदर सिंह (कक्का), शक्ति दास, विकास यादव, पूर्णिमा भट्टाचार्य और 15-20 अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने पूरे वार्ड में गश्त तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई जल्द होने की संभावना है।
मतदाता पर बीजेपी प्रत्याशी को वोट देने का दबाव
घटना 11 फरवरी 2025 को दोपहर 2 बजे की है, जब पीड़ित अंचल अग्रवाल (CG Election 2025) वार्ड 26 के सेंट विसेंट पॉलिटिक स्कूल मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे। आरोप है कि भाजपा नेता संजय सिंह ने उन्हें भाजपा प्रत्याशी अजय विश्वकर्मा को वोट देने के लिए दबाव डाला। जब अंचल ने विरोध किया, तो भाजपा समर्थकों ने उन्हें बेरहमी से पीटा। अजय विश्वकर्मा ने खुद मुक्का मारा, संजय सिंह ने कॉलर पकड़कर गाली दी और अन्य समर्थकों ने लात-घूंसों से हमला किया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थक झड़प करते नजर आ रहे हैं।




