Home छत्तीसगढ़ संस्कृति, सेवा और सुशासन की जीवंत प्रतीक रानी अहिल्याबाई होल्कर- हर्षिता पाण्डेय

संस्कृति, सेवा और सुशासन की जीवंत प्रतीक रानी अहिल्याबाई होल्कर- हर्षिता पाण्डेय

3
0

जांजगीर-चाम्पा : भारत की सांस्कृतिक विरासत, न्यायप्रिय शासन और सेवा भावना की अमर प्रतिमूर्ति रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर रविवार को जिला भाजपा कार्यालय, जांजगीर में भव्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने अहिल्याबाई के त्याग, तपस्या और जनसेवा को आधुनिक भारत के लिए प्रेरणा बताया।

भाजपा नेत्री हर्षिता पाण्डेय ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि अहिल्याबाई का जीवन सांस्कृतिक पुनर्जागरण और सामाजिक न्याय की मिसाल है। उन्होंने अपने शासनकाल में न केवल धार्मिक स्थलों का पुनरुद्धार कराया, बल्कि महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए। उन्होंने बताया कि रानी ने काशी विश्वनाथ, सोमनाथ समेत देश के प्रमुख मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया और 16 करोड़ की निजी संपत्ति से सनातन धर्म के केंद्रों को सजाया।

सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रानी अहिल्याबाई की शासन नीति और सेवा भावना को आधुनिक संदर्भों में लागू कर रहे हैं। उन्होंने अहिल्याबाई के जीवन को बेटी, पत्नी, मां और शासक के रूप में एक आदर्श बताया।

प्रदेश संयोजक नारायण चंदेल ने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने सुशासन की परिकल्पना को साकार किया। उन्होंने कांग्रेस पर भारतीय इतिहास के गौरवशाली पन्नों को विकृत करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब भाजपा उन्हें सही संदर्भों में प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि 21 से 31 मई तक जयंती सप्ताह के रूप में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रदर्शनी, गोष्ठी, मंदिर सफाई, महिला सम्मान समारोह जैसे आयोजन शामिल हैं।

जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने रानी अहिल्याबाई को शक्ति की मूर्तिमान स्वरूपा बताया और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने विस्तृत रूप से कार्यक्रम की रूपरेखा भी प्रस्तुत की।

गुलाब चंदेल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि रानी अहिल्याबाई जैसे महान शासकों की विरासत को जानबूझकर दबाया गया, लेकिन अब भाजपा उनके सुशासन और सांस्कृतिक योगदान को जनसामान्य तक पहुंचा रही है। उन्होंने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ समेत संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की।

कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, पूर्व सांसद कमला पाटले, दिग्गज भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन रजनी साहू और धन्यवाद ज्ञापन नंदिनी रजवाड़े ने किया।