आज कल किसान खेती में नई-नई तकनीक का उपयोग कर रहे हैं साथ ही वह मौसम के हिसाब से फसल की खेती करते हैं. वहीं सीतामढ़ी के किसान रामाशंकर सिंह भी 10 कट्ठा जमीन पर कद्दू, टमाटर और गोभी की रोटेशन तकनीक से खेती कर सालाना 4.50 लाख रुपये कमा रहे हैं.
सीतामढ़ी. जिले के लगमा गांव के रहने वाले किसान रामाशंकर सिंह ने खेती की एक अनोखी मिसाल पेश की है. आमतौर पर किसान 10 एकड़ जैसी बड़ी जमीन पर खेती करके भी उम्मीद के मुताबिक आमदनी नहीं कर पाते, लेकिन रामाशंकर सिंह ने मात्र 10 कट्ठा जमीन (करीब 1/3 एकड़) में कद्दू, टमाटर और गोभी की रोटेशन तकनीक अपनाकर सालाना 4.50 लाख रुपये की कमाई कर दिखाया है. उन्होंने बताया कि इस छोटी सी जमीन में वह साल में दो बार कद्दू की खेती करते हैं और उसके बाद उसी खेत में टमाटर और गोभी लगाते हैं. फसलों के इस क्रमबद्ध प्रयोग से उनकी जमीन साल भर उत्पादक बनी रहती है और अच्छी आमदनी देती है.
कद्दू की खेती के लिए कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी है. किसान रामाशंकर के अनुसार, अच्छी जल निकासी वाली जमीन कद्दू की खेती के लिए उपयुक्त होती है. इसके लिए खेत की जुताई अच्छे से करनी चाहिए और खाद डालकर क्यारियां तैयार करनी चाहिए. बीजों की रोपाई सामान्यतः हाथ से ही करने की सलाह दी जाती है. कद्दू की खेती में सिंचाई की जरूरत जरूर होती है, लेकिन जलभराव से फसल को नुकसान हो सकता है. इसके पौधे 90 से 100 दिन में पूरी तरह तैयार हो जाते हैं, जबकि 70-80 दिन में हरे फल तोड़े जा सकते हैं.




