रायपुर: राजधानी रायपुर में जबरन धर्मांतरण का एक और मामला सामने आया है। जहां स्कूली बच्चों को बरगलाकर ईसाई धर्म को मानने के लिए कहा जा रहा था। ऐसा करने वाली 3 महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुक्रवार को सुबह माधवराव सप्रे उच्चतर माध्यमिक शाला के बाहर तीन महिलाएं पहुंचीं और बच्चों से पूछा कि कौन-कौन चर्च जाता है। जो नहीं जाते, उन्हें चर्च जाना चाहिए। साथ ही महिलाओं ने कहा कि हिंदू देवी -देवता से ज्यादा श्रेष्ठ प्रभु यीशु हैं। ऐसा कहकर महिलाएं बच्चों को बरगला रही थीं। चर्च जाने के लिए दबाव बनाने वाली तीन महिलाओं ममता चौहान, नम्रता चौहान और विभा मसीह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि प्रदेश की राजधानी सहित अलग-अलग हिस्सों से आए दिन जबरन या बहलाफुसला कर धर्मांतरण की कोशिश के मामले सामने आ रहे हैं। जिसके खिलाफ हिंदू संगठनों की ओर से लगातार विरोध किया जा रहा है। साथ ही ऐसे मामलों की शिकायत पर पुलिस भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।




