Home समाचार रायबरेली में अलग तरह के धान की खेती, कम पानी में तैयार...

रायबरेली में अलग तरह के धान की खेती, कम पानी में तैयार हो चुकी फसल

11
0

रायबरेली जिले का एक किसान धान की फसल काटने की तैयारी कर रहा है। मार्च में धान की रोपाई की और अब फसल पककर तैयार है। सामान्य धान की अपेक्षा इसमें कम पानी, अधिक पैदावार व बेहतर मूल्य भी मिलता है। किसान ने 43 डिग्री तापमान पर धान की फसल तैयर कर दी।

इन दिनों सामान्य किसान धान की पौध तैयार कर रहे हैं। किसी ने बुआई कर दी तो कोई तैयारी कर रहा है। इससे इतर डीह थाना क्षेत्र के सादीपुर कोटवा गांव के किसान अमरेश यादव ने कुछ अलग किया है। उनकी धान की फसल कटने के लिए तैयार है। उनकी गिनती अग्रणी किसानों में होती है। किसान अमरेश बताते हैं कि उन्होंने अलग तरह के धान का बीज खरीदा। यह बीज हैदराबाद सीड्स से लेकर आए। सरसों के खेत को धान के लिए तैयार किया। 23 फरवरी को बेरन (पौध तैयार करने के लिए) डाल दी। 24 मार्च को धान की रोपाई करा दी। किसान अमरेश ने बताया कि डेढ़ बीघे धान की रोपाई करवाई है। अब 110 दिन बाद धान बिल्कुल पक कर तैयार है। उनका कहना है कि तीन-चार दिन में धान की फसल काटेंगे। यही नहीं उनके पास धान कटने की छोटी मशीन भी है।

किसान अमरेश यादव बताते हैं कि पिछले साल भी धान लगवाया था। इस बार बेहतर तैयारी के साथ धान की रोपाई की। अगर मार्च में रोपाई कर दी जाए तो बारिश से पहले फसल कट जाती है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उन्नत किस्म के बीज दुकानों व बीज भंडार में उपलब्ध हो जाएं तो किसानों को फायदा मिले। बताया कि इस फसल में सिर्फ तीन बार पानी देना पड़ता है। वहीं, धान की सामान्य फसल में चार से पांच बार पानी देना पड़ता है। इस फसल का पैसा भी अच्छा मिलता है। यह करीब 70 रुपये किलो तक बिक जाता है। इसकी पैदावार भी बेहतर है। एक बीघे में 10 क्विंटल की पैदावार है। उन्होंने किसानों से कुछ अलग करने की अपील की।