Home देश प्रदूषण से यमुना नदी का पानी बद से बदतर हुआ हाल, बैक्टेरिया...

प्रदूषण से यमुना नदी का पानी बद से बदतर हुआ हाल, बैक्टेरिया सेफ लिमिट से 4000 गुना ज्यादा..

13
0

दिल्ली :- दिल्ली में पिछले कुछ समय से हवा इतनी जहरीली नहीं है. मानसून के चलते हवा बेहतर हो गई है. लेकिन, वहीं दूसरी तरफ यमुना नदी की हालत बद से बदतर होती जा रही है. कभी रास्ते से गुजरते हुए आपकी यमुना नदी पर नजर पड़ती होगी तो सफेद रंग के झाग पूरी नदी में फैले आपको दिखते होंगे.दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की एक नई स्टेट्स रिपोर्ट सामने आई है. जो यमुना नदी की एक गंभीर तस्वीर पेश करती है. जून की तुलना में नदी की क्वालिटी में काफी गिरावट आई है. नदी में बैक्टेरिया बढ़ता जा रहा है.

बैक्टेरिया सेफ लिमिट से 4000 गुना ज्यादा:- सबसे खराब पैरामीटर फेकल कोलीफॉर्म का लेवल है, जो बैक्टेरिया की मौजूदगी का संकेत देता है और सीधे तौर पर अनुपचारित सीवेज से जुड़ा हुआ है. यह केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की ओर से निर्धारित 2,500 एमपीएन/100 मिलीलीटर की सुरक्षित सीमा से लगभग 4,000 गुना ज्यादा नदी में पाया गया है. जोकि चिंता का संकेत है कि यह 4 हजार गुना निर्धारित लिमिट से ज्यादा है. यह नदी दिल्ली से लगभग 22 किलोमीटर बहकर पल्ला में प्रवेश करती है. 17 जुलाई की रिपोर्ट और 1 जुलाई को लिए गए नमूनों की पिछले महीने की रिपोर्ट की तुलना करें तो सामने आता है कि नदी में प्रदूषण का स्तर और भी ज्यादा बढ़ गया है.

BOD का लेवल भी बढ़ा:- पल्ला में, नदी की बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड (बीओडी) 8 मिलीग्राम/लीटर है, जो सीपीसीबी (CPCB) की सुरक्षित सीमा 3 मिलीग्राम/लीटर या उससे कम से पहले ही काफी ज्यादा है. बीओडी पानी की क्वालिटी का एक महत्वपूर्ण मानदंड है जो पानी में कार्बनिक पदार्थों को तोड़ने के लिए जरूरी ऑक्सीजन की मात्रा को सामने रखता है. जुलाई के आंकड़े बताते हैं कि कार्बनिक प्रदूषण में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. खासकर पल्ला और आईटीओ के बीच यह (70 मिग्रा/लीटर) पहुंच गया है. असगरपुर, जहां नदी दिल्ली से निकलती है, वहां थोड़ा सुधार (24 मिग्रा/लीटर) दिखाई देता है, हालांकि, यह अभी भी सुरक्षित सीमा से काफी ज्यादा है.

हर महीने पेश की जा रही रिपोर्ट:- जुलाई की रिपोर्ट में प्रदूषण में साल-दर-साल भारी बढ़ोतरी का भी पता चलता है. जहां असगरपुर में जुलाई 2024 में सबसे खराब प्रदूषण स्तर दर्ज किया गया, वहीं, आईटीओ में इस साल सबसे ज्यादा प्रदूषण स्तर दर्ज किया गया. डीपीसीसी (DPCC) नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल डायरेक्टिव के निर्देशों के चलते दिल्ली के यमुना क्षेत्र में 8 लोकेशन पर यमुना नदी के पानी के सैंपल का टेस्ट करते हैं. इस टेस्ट में पानी में कितना प्रदूषण बढ़ा इस बात की रिपोर्ट हर महीने पेश की जाती है.