नई दिल्ली : द ओवल में खेले जा रहे आखिरी टेस्ट में भारतीय टीम 4 बदलाव के साथ मैदान पर उतरी। हालांकि, इसके बाद भी अभिमन्यु ईश्वरन को टेस्ट डेब्यू का मौका नहीं मिला। टीम मैनेजमेंट ने एक बार फिर करुण नायर पर ही भरोसा जताया। ऐसे में अभिमन्यु ईश्वरन के पिता रंगनाथन ईश्वरन से न रहा गया और उनका गुस्सा फूट पड़ा।
रंगनाथन ईश्वरन ने अपने बेटे को प्लेइंग 11 में नहीं चुने जाने पर टीम इंडिया के चयन मानदंडों की आलोचना की है। दिसंबर 2022 में बांग्लादेश दौरे के लिए लाल गेंद वाली टीम में पहली बार शामिल किए जाने के बावजूद अभिमन्यु को प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिल पाई है। अभिमन्यु के पिता ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें इतने लंबे समय तक बेंच पर बैठाए रखने के लिए मैनेजमेंट पर सवाल उठाए।
आईपीएल प्रदर्शन का ध्यान नहीं रखना चाहिए
उन्होंने यह भी बताया कि कैसे कुछ खिलाड़ी अपने आईपीएल प्रदर्शन के जरिए सुर्खियों में आ जाते हैं और कहा कि टेस्ट टीम चुनते समय आईपीएल के प्रदर्शन को ध्यान में नहीं रखा जाना चाहिए।
रंगनाथन ईश्वरन ने कहा, मैनेजमेंट ने करुण नायर को मौका दिया। ठीक है, उन्होंने 800 से ज्यादा रन बनाए। चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है। मेरा बेटा थोड़ा उदास लग रहा है, लेकिन ऐसा होना स्वाभाविक है। कुछ खिलाड़ी आईपीएल के प्रदर्शन के आधार पर टेस्ट टीम में जगह बना लेते हैं। टेस्ट क्रिकेट के लिए टीम चुनते समय आईपीएल के प्रदर्शन को ध्यान में नहीं रखा जाना चाहिए। रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी को टेस्ट टीम में चयन का आधार बनाया जाना चाहिए।”




