नई दिल्ली : भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने द ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच में शतक जमाया है। यशस्वी के बल्ले से शतक भारत की दूसरी पारी में निकला है जो उनकी इस दौरे की आखिरी पारी भी है। ये यशस्वी का इस दौरे पर दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने लीड्स में सैकड़ा ठोका था।
इस दौरे पर यशस्वी के दो शतकों के अलावा दो अर्धशतक भी हैं। बर्मिंघम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में वह 87 रन बनाकर आउट हो गए थे और शतक से चूक गए थे। मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में उनके बल्ले से 58 रन निकले थे।
ये जायसवाल का छठा टेस्ट शतक है जिसमें से चार तो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ही बनाए हैं। 2024 में इंग्लैंड की टीम जब भारत दौरे पर आई थी तब जायसवाल ने तो शतक जमाए थे। उस सीरीज में जायसवाल ने 700 से ज्यादा रन ठोके थे। इस सीरीज में भी उनका बल्ला जमकर चल रहा है।




