नई दिल्ली : हैरी ब्रूक और जो रूट के शतकों के दम पर इंग्लैंड ने लंदन के द ओवल मैदान पर खेले गए पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच में अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया है। इंग्लैंड को जीत के लिए 374 रन बनाने थे जो वह मचौथे दिन रविवार को आखिरी सेशन में बना ही लेती, लेकिन जब वह जीत से 35 रन दूर थी तभी खराब रौशनी के कारण खेल रोक दिया गया और फिर बारिश आने के कारण स्टम्प की घोषणा कर दी गई।
कुछ देर अंपायरों ने इंतजार किया लेकिन बारिश नहीं रुकी और फिर स्टम्प की घोषणा कर दी गई। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने छह विकेट खोकर 339 रन बना लिए हैं।
हैरी ब्रूक ने तूफानी पारी खेल भारत को बैकफुट पर धकेल दिया। उनका विकेट भारत को पहले मिल गया होता, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर मोहम्मद सिराज ने फाइन लेग पर उनका कैच लेने के बाद पैर बाउंड्री से टच कर दिया। ये भारत के लिए इस मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ और फिर ब्रूक ने तूफानी रफ्तार में रन बना शतक ठोक दिया। उन्होंने 98 गेंदों पर 14 चौके और दो छक्कों की मदद से 111 रन बनाए।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट ने उनका साथ दिया। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी की। रूट ने अपने टेस्ट करियर का 39वां शतक जमाया। उन्होंने 152 गेंदों का सामना कर 12 चौकों की मदद से 105 रन बनाए।
सिराज ने अपनी गेंदों से रूट को परेशान जरूर किया, लेकिन उनका विकेट नहीं निकाल पाए। इस बीच ब्रूक ने अपना शतक पूरा कर लिया था। इसके कुछ देर बाद वह आकाशदीप की गेंद पर सिराज के द्वारा ही लपके गए। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। ब्रूक का विकेट 301 के कुल स्कोर पर गिरा और यहां से इंग्लैंड को जीत के लिए 73 रनों की ही जरूरत थी।
भारत ने इस मैच की पहली पारी खेली थी और 224 रन बनाए थे। इंग्लैंड के बल्लेबाज पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा चले नहीं थे और पूरी टीम 247 रनों पर ढेर हो गई। भारत ने अपनी दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल के 118, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के 53-53 रनों के दम पर 396 रन बनाए थे और इंग्लैंड को मजबूत स्कोर दिया था जिसे उसने हासिल कर सीरीज अपने नाम कर ली।




