रायपुर: राजधानी रायपुर स्थित एम्स में चिकित्सा सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। इसी कड़ी में 6 सितंबर से अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की जा रही है। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। यह सुविधा प्रदेश के किसी भी शासकीय संस्थान में पहली बार उपलब्ध हो रही है।
एम्स प्रबंधन ने बताया कि अत्याधुनिक माड्यूलर ऑपरेशन थियेटर पूरी तरह तैयार है, जिसमें न्यूरो सर्जरी, सर्जरी, गायनिक, ईएनटी और नेत्र रोग विभागों से इसकी शुरुआत की जाएगी। भविष्य में अन्य विभागों में भी इसका विस्तार होगा। यह सुविधा न केवल रोगियों के लिए लाभकारी होगी, बल्कि आगामी पीढ़ी के सर्जनों को मिनिमली इनवेसिव और प्रिसिजन बेस्ड तकनीकों में प्रशिक्षण देने के लिए एक उत्कृष्ट केंद्र बनेगी।
कम चीरा व रक्तस्राव और तेज रिकवरीविशेषज्ञों के अनुसार, रोबोटिक सर्जरी में सर्जन कंप्यूटर मानीटर से रोबोटिक हाथों को नियंत्रित करते हैं, जिससे अत्यधिक सटीकता और स्थिरता मिलती है। इससे छोटे चीरे, कम रक्तस्राव, न्यूनतम दर्द और तेज रिकवरी संभव होती है। जटिलताओं का खतरा भी कम होता है। यह तकनीक प्रोस्टेट, गर्भाशय, आंत्र, लिवर, रीनल ट्रांसप्लांट, न्यूरो व अन्य अंगों की सर्जरी में कारगर है।
रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत एम्स के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे छत्तीसगढ़ समेत आसपास के राज्यों के लोगों को स्थानीय स्तर पर विश्व स्तरीय सर्जिकल देखभाल प्राप्त होगी।
लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त), निदेशक, एम्स




