नई दिल्ली : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की सोमवार रात (भारतीय समयानुसार) वॉशिंगटन डीसी स्थित व्हाइट हाउस पहुंचे। ट्रंप ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने पर चर्चा हो रही है। जेलेंस्की से मुलाकात के बाद ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत की।
ट्रंप ने आगे कहा मैंने पिछले 6 महीने में 6 युद्ध रुकवाए। हां यह मैं कह सकता हूं कि रूस-यूक्रेन युद्ध को लगाम लगा पाना एक कठिन काम है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि यह युद्ध भी थम जाएगा। युद्ध खत्म करने के लिए रूस-यूक्रेन मिलकर काम करेंगे।
ट्रंप ने कहा कि लोग मारे जा रहे हैं और हम इसे रोकना चाहते हैं। मैं राष्ट्रपति जेलेंस्की को जानता हूं, मैं खुद को जानता हूं, और मेरा मानना है कि व्लादिमीर पुतिन इसे समाप्त होते देखना चाहते हैं। हम यूक्रेन के साथ काम करने जा रहे हैं, हम सभी के साथ काम करने जा रहे हैं, और हम यह सुनिश्चित करने जा रहे हैं कि शांति स्थापित होती है, तो लंबे समय तक बनी रहे। हम दो साल की शांति के बारे में बात नहीं कर रहे हैं।’
ट्रंप की कोशिश है कि रूस-यूक्रेन युद्ध पर जल्द से जल्द लगाम लगे। 15 अगस्त को ट्रंप ने पुतिन के साथ अलास्का में द्विपक्षीय बैठक की थी। हालांकि, इस बैठक में युद्धविराम को लेकर कोई बात नहीं बनी।




