नई दिल्ली : वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हाइड्रोजन बम फोड़ने की बात पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की मतदाता सूची पर सवाल उठाने वाले राहुल का ”एटम बम” फुस्स हो गया है। दुनिया में आज तक तो कोई हाइड्रोजन बम फूटा नहीं, लेकिन नेता विपक्ष इसे फोड़ने की बात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल संसद के अंदर बोलें या बाहर, उनकी बात को समझने के लिए कई प्रकार के एंटीना खोलने पड़ते हैं। बिहार में चल रहे एसआइआर पर जो घमासान छिड़ा है, उसके पीछे विपक्ष की बूथ कैप्चरिंग और घुसपैठियों की चाहत है।
उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने तूफान खड़ा किया कि भाजपा आएगी तो संविधान बदलेगी। इसका दो जगह असर पड़ा – एक यूपी में जहां सपा की सीटें भाजपा से ज्यादा हो गईं और दूसरा महाराष्ट्र में, जहां कांग्रेस की सीटें भाजपा से अधिक हो गईं। तब तो भाजपा ने चुनाव आयोग पर कुछ नहीं कहा। लेकिन, एक बार जब जनता को पता चला कि कांग्रेस ने छल किया तो उसने कांग्रेस को हरियाणा में हराया, महाराष्ट्र में हराया, फिर दिल्ली में केजरीवाल को हरा दिया और पूरा विश्वास है कि अब बिहार में भी हराएगी।
उन्हें यह दर्द है कि वे बूथ कैप्चरिंग नहीं कर पा रहे- रविशंकरएसआइआर पर विपक्ष द्वारा सवाल उठाए जाने को लेकर रविशंकर ने कहा कि ईवीएम से पहले बिहार का चुनाव होता था तो मतदान के दिन कितनी हत्याएं होती थीं, कितनी बूथ कैप्चरिंग होती थी। वह बूथ कैप्चरिंग खत्म हो गई तो आज राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव कहते हैं कि बैलेट पेपर लाओ..उन्हें यह दर्द है कि वे बूथ कैप्चरिंग नहीं कर पा रहे।




