खैरागढ़: काम करने के एवज में रिश्वत लेने वाले पटवारी को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी की टीम बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र कांडे को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई खैरागढ़ तहसील के अंतर्गत पटवारी हल्का नंबर 41 और 42 मंडला क्षेत्र की पटवारी की है। मंडला निवासी भागचंद कुर्रे ने एसीबी को शिकायत दर्ज कराई थी कि पटवारी धर्मेंद्र कांडे उसके भूमि संबंधी कार्य को करने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और बुधवार को जब भागचंद ने नौ हजार रुपये की नकद राशि पटवारी को दी, उसी दौरान टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपित को रंगेहाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद मचा हड़कंप
एसीबी की टीम ने गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए आरोपित को हिरासत में लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है, खासकर इसलिए क्योंकि आरोपित पटवारी संघ का जिला अध्यक्ष भी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खैरागढ़ क्षेत्र में लंबे समय से पटवारियों की मनमानी और भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं और यह कार्रवाई आम जनता के लिए एक राहत की खबर है।




