नई दिल्ली : क्यूएस ग्लोबल एमबीए, आनलाइन एमबीए और बिजनेस मास्टर्स रैंकिंग 2026 के अनुसार, तीन भारतीय प्रबंधन संस्थान (आइआइएम) – बैंगलोर, अहमदाबाद और कलकत्ता – दुनिया के शीर्ष 100 बी-स्कूलों में शामिल हो गए हैं।
लंदन स्थित क्यूएस ने एक बयान में कहा, ”इस वर्ष भारत के 14 संस्थान इस रैंकिंग में शामिल हैं। इनमें से तीन दुनिया के टाप 100 में शामिल हैं।” बयान के अनुसार, ”भारतीय प्रबंधन संस्थान बैंगलोर एक स्थान ऊपर चढ़कर 52वें स्थान पर, आइआइएम अहमदाबाद दो स्थान ऊपर चढ़कर 58वें स्थान पर और आइआइएम कलकत्ता 64वें स्थान पर है, जो पिछले वर्ष की तुलना में एक स्थान ऊपर है। यह सफलता रोजगार क्षमता और निवेश पर लाभ के ²ष्टिगत मजबूत स्कोर के कारण है।”
इस वर्ष पदार्पण करने वाला संस्थान वोक्सन स्कूल आफ बिजनेस ‘एशिया में विविधता’ के लिए शीर्ष स्थान पर है, जो वैश्विक स्तर पर संयुक्त रूप से 26वें स्थान पर है। एमबीए तालिका के ऊपरी सोपान पर अमेरिका का दबदबा बना हुआ है, जिसमें सभी चार शीर्ष स्थानों पर अमेरिकी बिजनेस स्कूलों का कब्जा है।




