नई दिल्ली, प्रेट्र: चार दशकों से भी ज्यादा के अपने करियर में 350 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय करने वाले मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल विश्वनाथन नायर (Mohanlal) को वर्ष 2023 के प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मनित किया जाएगा। यह देश में सिनेमा के क्षेत्र में दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। यह पुरस्कार 65 वर्षीय अभिनेता, निर्देशक और निर्माता को 23 सितंबर को 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा।
मोहनलाल उत्कृष्टता और बहुमुखी प्रतिभा के प्रतीक हैं : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिग्गज अभिनेता मोहनलाल को बधाई देते हुए कहा कि वह उत्कृष्टता और बहुमुखी प्रतिभा के प्रतीक हैं। पीएम ने कहा, ‘कई दशकों तक शानदार काम करने वाले मोहनलाल मलयालम सिनेमा और थिएटर के एक प्रमुख कलाकार हैं और केरल की संस्कृति के प्रति उनका गहरा लगाव है।
उन्होंने तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी बेहतरीन अभिनय किया है। सभी माध्यमों में उनके सिनेमाई और नाटकीय कौशल की प्रतिभा वास्तव में प्रेरणादायक है। दादासाहेब फाल्के पुरस्कार मिलने पर उन्हें बधाई। उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेंगी।’
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, ‘मोहनलाल के सभी प्रशंसकों और चाहने वालों के लिए अच्छी खबर! एक सांसद के तौर पर मुझे उनके शहर का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है…केरल के गौरव, हमारे अपने लाल को बधाई!’ इस तरह से तमाम हस्तियां मोहनलाल को शुभकामनाएं दे रही हैं।




