नई दिल्ली : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को राज्य के डीजीपी से जुबीन गर्ग की मौत की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित करने को कहा है। असम सीआइडी वर्तमान में गर्ग की मौत के मामले की जांच कर रही है। पूर्वोत्तर भारत महोत्सव के आयोजकों के खिलाफ राज्य भर में 60 से अधिक प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जहां गायक प्रस्तुति देने गए थे। वहीं, राज्य की विपक्षी पार्टियों ने जुबीन गर्ग की मौत की सीबीआइ जांच की मांग की है।
पूरी तरह से स्वतंत्र होगी एसआईटीउन्होंने जानकारी दी कि एसआईटी को जांच करने की पूरी स्वतंत्रता होगी। असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र लिखकर जुबीन गर्ग की मौत की सीबीआइ जांच की मांग की। एजेपी और आरडी जैसे अन्य विपक्षी दलों ने भी गर्ग की मौत की सीबीआइ जांच की मांग की है, जबकि एक व्यक्ति ने गुवाहाटी हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर कर अदालत की निगरानी में जांच की मांग की है। वहीं, जुबीन गर्ग के सैकड़ों प्रशंसकों ने बुधवार को एक निजी टीवी चैनल के सामने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके मालिक पूर्वोत्तर भारत महोत्सव में भाग लेने सिंगापुर गए थे और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
जांच को लेकर कई जगह हुआ विरोध प्रदर्शनयह विरोध प्रदर्शन उस समय हुआ जब प्राग न्यूज के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संजीव नारायण पिछले हफ्ते गर्ग की मौत की पूरी घटना में अपनी भूमिका स्पष्ट करने के लिए अपने कार्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मामले में कथित भूमिका के लिए संजीव नारायण के खिलाफ बोंगाईगांव पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। इसे आगे की जांच के लिए सीआइडी मुख्यालय भेज दिया गया है।




