रविवार को भारतीय टीम अपना 12वां एशिया कप फाइनल खेलेगी और उससे पहले सुपर-4 चरण के अंतिम मैच में शुक्रवार को श्रीलंका से भिड़ेगी। श्रीलंका पहले ही फाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी है और यह मुकाबला केवल औपचारिक भर है, लेकिन फाइनल से पहले भारत के पास अपनी कमियों को दूर करने का अंतिम मौका होगा।
अब टीम को प्रयोग की रणनीति छोड़कर स्थायी संयोजन पर ध्यान देना होगा। ओमान के विरुद्ध पिछले मुकाबले में कई बदलाव किए गए थे, जिसका असर यह रहा कि भारत हारते-हारते जीती थी। उस मैच में कप्तान सूर्यकुमार बल्लेबाजी करने नहीं उतरे थे। इसी तरह बांग्लादेश के विरुद्ध भी टीम ने अलग प्रयोग किए। शिवम दुबे को तीसरे नंबर पर भेजा गया, लेकिन वे तीन गेंद पर सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन को मौका नहीं मिला। अब भारत को प्रयोगों के बजाय मजबूत संयोजन से उतरना होगा।
पूरी संभावना है कि रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय बल्लेबाजी क्रम में सैमसन फिट होते नहीं दिख रहे। भारतीय टीम के लिए चिंता का दूसरा कारण टूर्नामेंट में अभी तक 12 कैच छूटना भी है जिनमें से पांच बांग्लादेश के खिलाफ छूटे। बड़े मैचों में इस तरह की कोताही की गुंजाइश नहीं रहती और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भी स्वीकार किया कि इस विभाग में सुधार करना होगा। चक्रवर्ती की गेंदों पर भी कई कैच छूटे हैं।
जितेश शर्मा मध्यक्रम के बल्लेबाज होने के साथ फिनिशर भी हैं। जितेश ने आईपीएल में पांचवें नंबर पर 18 पारियों में 374 रन बनाए, जबकि छठे नंबर पर 15 पारियों में 384 रन जोड़े। सातवें नंबर पर उन्होंने सात पारियों में 178 से ऊपर की स्ट्राइक रेट से 136 रन बनाए हैं। श्रीलंका के विरुद्ध मैच में जसप्रीत बुमराह को भी आराम दिया जा सकता है अगर वह इसके इच्छुक हैं।
श्रीलंका टीमचरित असलंका (कप्तान), पथुम निसंका, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, नुवानिदु फर्नांडो, कामिंडु मेंडिस, कामिल मिशारा, दासुन शनाका, जेनिथ लियानगे, चमिका करुणारत्ने, डुनिथ वेलालागे, वानिंदु हसरंगा, महेश तीक्ष्णा, दुष्मंथा चमीरा, बिनुरा फर्नांडो, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना।
भारत बनाम श्रीलंका एशिया कप हेड टू हेड
- कुल मैच: 23
- भारत जीता: 12
- श्रीलंका जीता: 11




