Home छत्तीसगढ़ ‘रानू साहू को गलत काम करने से रोका था, नहीं मानी तो...

‘रानू साहू को गलत काम करने से रोका था, नहीं मानी तो जेल गई.. क्या ननकी राम कंवर की मांग के आगे झुकेगी सरकार?..

12
0

कोरबा: जिले के कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने के लिए मोर्चा खोलने वाले पूर्व गृहमंत्री और दिग्गज आदिवासी नेता ननकी राम कंवर ने अपनी भावी रणनीतियों का खुलासा किया है।

उन्होंने इस बातचीत में पूर्व कलेक्टर और फिलहाल कोयला घोटाले की आरोपी निलंबित आईएएस रानू साहू को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। ननकी राम ने कहा कि, उन्होंने पूर्व कलेक्टर रानू साहू को भी गलत काम करने से मना किया था लेकिन वह नहीं मानी और जेल चली गई।

भ्रष्टाचार के खिलाफ पुरानी लड़ाई

ननकी राम ने कहा कि, तमाम शिकायतों के बाद भी कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके लिए उन्होंने पूर्व में सरकार को तीन दिनों का वक़्त दिया था। कलेक्टर अब भी नहीं हटाए गए। इसलिए वह अपने करीब 500 समर्थन के साथ रायपुर में सीएम हाउस के सामने धरना देंगे। ननकी राम ने कहा कि, वह लम्बे वक़्त से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे है। पूर्व में उन्होंने महादेव सट्टा, कोयला घोटाला, पीएससी घोटाले के लिए पत्र लिखा था और सभी मामलों में कार्रवाई हुई है। बहरहाल 4 अक्टूबर से प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की जानकारी रायपुर कलेक्टर को दे दी गई है। कलेक्टर के खिलाफ एक्शन नहीं लिए जाने से वह निराश है।

आईएएस अफसरों के कंट्रोल में राज्य की सरकार!

इससे ठीक पहले ननकी राम ने एक पत्र भी लिखा था। अपने पत्र में उन्होंने सरकार से पूछा था कि, आखिर जिलाधिकारी अजीत वसंत को सरकार का संरक्षण क्यों मिला हुआ है? मुख्यमंत्री आवास में बैठे कुछ आईएएस अधिकारियों के कंट्रोल से सरकार चल रही है। ननकीराम ने बताया कि, उनकी पिछली शिकायतों पर केंद्र की सरकारों ने भी संज्ञान लिया और कई आईएएस अफसरों पर कार्रवाई हुई लेकिन इस बार उनकी मांग पर संज्ञान नहीं लिया जा रहा है।