श्रीनगर: कश्मीर घाटी में जैश-ए-मोहम्मद के नेटवर्क को फिर से खड़ा करने में जुटे जिहादी डॉक्टर आदिल अहमद राथर राजकीय मेडिकल कॉलेज जीएमसी अस्पताल अनंतनाग का इस्तेमाल हथियारों के छिपाने व आतंकियों की मदद के लिए कर रहा था। पुलिस ने शनिवार को जीएमसी अनंतनाग में उसके लाकर से उसकी निशानेदही पर एक एसाल्ट राइफल व कुछ अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।
इस मामले में अभी तक आठ लोगों को पकड़े जाने की सूचना है। आदिल अहमद राथर को जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल एसओजी ने गत गुरूवार को सहारनपुर उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।
वह वहां अंबाला मार्ग पर स्थित एक निजि अस्पताल में बीते कुछ माह से काम कर रहा था और लगभग एक माह पहले ही उसने वहां एक महिला डाक्टर से शादी भी की है। काजीगुंड का रहने वाला आदिल अहमद 24 अक्टूबर 2024 तक जीएमीसी अस्पताल अनंतनाग में सीनियर रेजिडेंट डाक्टर के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कर चुका है।
एओजी उसे लेकर जीएमसी अस्पताल अनंतनाग पहुंची, जहां उसकी निशानेदही पर एसाल्ट राइफल व अन्य सामान बरामद किया गया। सूत्रों के मुताबिक, आदिल द्वारा उपलब्ध कराई गइ जानकारी के आधार पर पुलवामा के रहने वाले एक डॉक्टर को भी पकड़ा गया है, लेकिन पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। आदिल व उसके अन्य साथियों से पूछताछ जारी है।




