चंडीगढ़ : मोहाली के नए मैदान में पहली बार हमारे टीम इंडिया के सितारे टी-20 इंटनेशनल मैच खेलने उतरे। तीन पंजाबी और उनमें दो लोकल, लेकिन सभी ने दर्शकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अभिषेक और गिल के बल्ले ने कमाल नहीं दिखाया। गिल तो गोल्डन डक होकर लौटे। वहीं, अर्शदीप ने भी खूब रन लौटाए। मुल्लांपुर के मैदान में पुरुष क्रिकेट का आगाज ऐसा होगा, किसी ने नहीं सोचा। दक्षिण अफ्रीका की तूफानी पारी और सटीक लाइन लेंग्थ के आगे टीम इंडिया मैच में कहीं नहीं टिकी।
मैच से पहले जहां मैदान के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी थीं, वहीं टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन के कारण मैच खत्म होने से पहले ही आधा स्टेडियम खाली हो गया। हार्दिक पांड्या के आउट होते ही मैदान खाली होने लगा था। हालांकि एक छोर पर तिलक वर्मा टिके थे, लेकिन बाकी बल्लेबाजों ने उनका साथ नहीं दिया।
स्टैंड का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से घोषित 11-11 लाख रुपये की राशि हरमनप्रीत, हरलीन और अमनजोत को भेंट की। इनके अलावा महिला क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच मुनीष बाली को भी पांच लाख रुपये दिए गए। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में हाल ही में भारत ने पहली बार महिला वनडे विश्व कप खिताब जीता है। टीम की जीत में इन तीनों महिला खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा। वहीं युवराज सिंह भी इस कार्यक्रम का आकर्षण रहे। इस दौरान उन्होंने भारतीय पुरुष टीम के कोच गौतम गंभीर से मुलाकात भी की।




