नई दिल्ली: ट्रंप प्रशासन सोमवार से एच-1बी वीजा और एच-4 वीजा के आवेदकों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ उनके इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल की गहन छानबीन शुरू करने जा रहा है। विदेश विभाग ने सभी आवेदकों से अपनी इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल की प्राइवेसी सेटिंग्स को ‘पब्लिक’ करने को कहा है।
विदेश विभाग के नए आदेश के मुताबिक, छानबीन के दौरान एच-1बी आवेदकों और उनके आश्रितों की ऑनलाइन मौजूदगी की समीक्षा की जाएगी। छात्र और एक्सचेंज विजिटर्स के मामले में ये व्यवस्था पहले से लागू है। अब इस दायरे को एच-1बी और एच-4 वीजा आवेदकों को भी लाया जा रहा है।
विदेश विभाग ने जोर देते हुए कहा कि अमेरिकी वीजा एक सुविधा है, अधिकार नहीं। वीजा स्क्रीनिंग और जांच में सभी उपलब्ध जानकारी का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि ऐसे वीजा आवेदकों की पहचान की जा सके जिन्हें अमेरिका में आने की इजाजत नहीं है, जिसमें वे लोग भी शामिल हैं जो देश की राष्ट्रीय सुरक्षा या सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा हो सकते हैं। विभाग ने कहा कि कि हर वीजा अनुमति एक राष्ट्रीय सुरक्षा का फैसला होता है।




