नई दिल्ली : भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मंगलवार को घोषित हुए ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को भारतीय उद्योग जगत ने इसे ‘गेम-चेंजर’ करार दिया है। सीआईआई (सीआईआई) के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा कि यह समझौता भारत की वैश्विक व्यापारिक भागीदारी में एक रणनीतिक उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि भारतीय निर्यातों को 99 फीसदी से अधिक उत्पादों पर अभूतपूर्व प्राथमिकता प्राप्त होगी, जिससे भारतीय उद्योग को यूरोप के उच्च-मूल्य वाले बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने का अवसर मिलेगा। बनर्जी ने कहा कि इससे निवेश, तकनीकी प्रवाह और उत्पादन क्षमता में तेजी आएगी।
फिक्की के अध्यक्ष आनंद गोयनका ने भी इस समझौते को एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ यह करार भारत के हालिया एफटीए समझौतों में सबसे व्यापक और संभावनाओं से भरा हुआ है।
फिक्की का मानना है कि यह एफटीए भारत को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो दीर्घकालिक और समावेशी विकास को गति देगा।




