वीडियो में दिखाई दे रहा युवक तारकेश्वर बताया जा रहा है, जो वर्तमान में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले तारकेश्वर का जन्मदिन था और इसी अवसर पर उसकी गर्लफ्रेंड उससे मिलने जेल पहुंची थी।
मोबाइल से रिकॉर्ड की गई पूरी मुलाकात
युवती ने पूरी मुलाकात अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड की। बाद में यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा कर दिया गया। जेल के मुलाकात कक्ष में मोबाइल ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद मोबाइल अंदर पहुंचना कई सवाल खड़े करता है।
सुरक्षा जांच पर उठे गंभीर प्रश्न
यह सवाल अहम है कि यदि मुलाकात से पहले युवती की सुरक्षा जांच की गई थी, तो मोबाइल फोन अंदर कैसे ले जाया गया। यदि जांच नहीं हुई, तो यह जेल प्रशासन की गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
यह पहला मामला नहीं है जब रायपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा पर सवाल उठे हों। इससे पहले भी जेल परिसर से मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। कई बार जेल के अंदर से वीडियो भी वायरल हो चुके हैं।
इंटरनेट मीडिया के माध्यम से वीडियो की जानकारी मिली है। वीडियो कब का है, कैसे बना, इसका परीक्षण करवाया जाएगा। इसके बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
– योगेश सिंह क्षत्री, जेल अधीक्षक, सेंट्रल जेल, रायपुर




