Home छत्तीसगढ़ कवासी लखमा को बलि का बकरा बताए जाने पर पीसीसी चीफ दीपक...

कवासी लखमा को बलि का बकरा बताए जाने पर पीसीसी चीफ दीपक बैज का पलटवार, पूछा- इसका मतलब लखमा निर्दोष हैं

10
0

रायपुर :  पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को बलि का बकरा बनाए जाने वाले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के बयान पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि अगर कवासी लखमा बलि का बकरा हैं, तो दोषी कौन है. इसका मतलब बीजेपी कह रही है कि लखमा निर्दोष हैं, मतलब बीजेपी ने निर्दोषों को जेल भेजा. अगर लखमा निर्दोष हैं तो भाजपा को माफी मांगनी चाहिए.

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा में कवासी लखमा को जमानत मिलने पर कहा कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं, यह बात एक बार फिर साबित हुई. न्यायालय का धन्यवाद. लखमा की रिहाई से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है. जानबूझकर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को डराने की कोशिश की गई. कार्यकर्ता लखमा का जोरदार स्वागत करेंगे. उनके बाहर आने से पार्टी और अधिक मजबूत होगी.

वहीं धान खरीदी की तारीख दो दिन बढ़ाने पर दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों का धान नहीं खरीद रही है. कांग्रेस ने समय सीमा बढ़ाने की मांग की थी. सरकार ने 162 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का दावा किया था, लेकिन लगभग 25 लाख मीट्रिक टन की खरीदी नहीं हुई है. कई किसान अब भी धान नहीं बेच पाए. हमारी मांग पर सरकार झुकी और तारीख बढ़ाई, लेकिन फैसला पर्याप्त नहीं है.

उन्होंने कहा कि दो दिन में दो लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी संभव नहीं है, ऐसे में धान खरीदी की समय सीमा कम से कम 15 दिन बढ़ाई जाए. वहीं मार्च 2026 तक नक्सलियों के सफाए के दावे पर भी बैज ने कहा कि हमें मार्च 26 तक इंतजार करना चाहिए, तब पता चलेगा नक्सली बचे हैं या नहीं. सरकार को सही आंकलन करना चाहिए.

बृजमोहन अग्रवाल के साथ राहुल गांधी की तस्वीर वायरल होने पर डीसीएम विजय शर्मा के बयान पर दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस अनुशासित पार्टी है. राहुल गांधी लोकप्रिय नेता हैं, संसद में मुलाकात की अच्छी परंपरा है. राज्य सरकार की नाकामियों को लेकर जरूर चर्चा हुई होगी. बृजमोहन अग्रवाल वरिष्ठ नेता हैं, दुश्मन नहीं. जहां भाजपा सरकार की नाकामियों पर चर्चा करनी होगी, कांग्रेस करेगी.