नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बीते दिनों भारत पर लगाए गए ट्रेड टैरिफ को 18 प्रतिशत करने की घोषणा कर दी। इसका कारण राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करने का भारत का दृढ़ रुख रहा।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पिछले वर्ष सितंबर में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के लिए एक संदेश लेकर अमेरिका गए थे।
इस दौरान अजीत डोभाल ने रूबियो से कहा था कि भारत राष्ट्रपति ट्रंप और उनके शीर्ष सहयोगियों की धमकियों के आगे नहीं झुकेगा। भारत अतीत में भी प्रतिकूल अमेरिकी सरकारों का सामना कर चुका है और वह झुकने की बजाय वर्तमान राष्ट्रपति का कार्यकाल खत्म होने की प्रतीक्षा करेगा।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले वर्ष सितंबर की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चीन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ बैठक के बाद अमेरिका से रिश्ते सुधारने के लिए डोभाल को वॉशिंगटन भेजा था। इस दौरान डोभाल और रूबियो की मुलाकात हुई थी।
इस बैठक के कुछ ही समय बाद ही तनाव कम होने के पहले संकेत दिखे थे। 16 सितंबर को ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर फोन किया और शानदार काम करने के लिए उनकी तारीफ की थी। वर्ष के अंत तक दोनों नेताओं ने टैरिफ कम करने की डील की तरफ बढ़ते हुए फोन पर चार बार और बात की।
भारत में आम राय थी कि चीन को रोकने और 2047 तक विकसित अर्थव्यवस्था बनाने के प्रधानमंत्री मोदी के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अमेरिकी पूंजी, तकनीक और सैन्य सहयोग आवश्यक है।
नए राजदूत ने भी संभाले रिश्तेदिसंबर में भारत में नए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के आने से लगा कि रिश्तों को ठीक करने की और गंभीर कोशिशें शुरू हो गई हैं। गोर व्हाइट हाउस के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी और लंबे समय से ट्रंप के करीबी लोगों में से हैं। वह रूबियो के भी करीबी हैं।
गोर ने नई भूमिका में अपने पहले सार्वजनिक भाषण में दोनों देशों के बीच तनाव को ‘असली दोस्तों’ के बीच असहमति बताया था, जिसे दोनों सुलझा लेंगे।संबंधों में इस सुधार के बावजूद भारत ट्रंप के साथ सावधानी बरतेगा क्योंकि वह अपनी रणनीतिक स्वायत्तता बरकरार रखना चाहता है।
भारत ने पिछले हफ्ते लगभग दो दशकों की वार्ता के बाद यूरोपियन यूनियन के साथ मुक्त व्यापार समझौता किया। यह ब्रिटेन के साथ व्यापार समझौते के कुछ महीने बाद हुआ।
इन समझौतों से साफ हुआ कि अमेरिका के साथ रुकावट के बावजूद भारत अपने व्यापारिक संबंधों में विविधता लाने के प्रति गंभीर है। इस महीने के आखिर में प्रधानमंत्री मोदी कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा की मेजबानी करेंगे।




