Home खेल IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मुकाबला देखना 5 गुना हुआ महंगा, रॉकेट की...

IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मुकाबला देखना 5 गुना हुआ महंगा, रॉकेट की स्पीड से बढ़े फ्लाइट-होटल के रेट

9
0

नई दिल्ली :  पाकिस्तान के 15 फरवरी को भारत से मैच खेलने के फैसले के बाद कोलंबो की फ्लाइट टिकट और वहां के होटल का किराया महंगा हो गया है। 14 और 15 फरवरी को नई दिल्ली और मुंबई से कोलंबो की फ्लाइट के लिए पांच गुना तक किराया चुकाना पड़ सकता है।

मेकमाईट्रिप की वेबसाइट पर मंगलवार को 14 और 15 फरवरी को दिल्ली-मुंबई से कोलंबो फ्लाइट का किराया एक पैसेंजर के लिए 1.45 लाख रुपये तक दिखा रहा है। आम दिनों में कोलंबो की सीधी फ्लाइट का किराया 30 हजार रुपये के आस-पास तक रहता है। वहीं कोलंबो में बड़े होटलों का किराया भी 1.14 लाख रुपये तक पहुंच गया है।

होटल का भी बढ़ा किराया

दिल्ली से कोलंबो की एअर इंडिया की नॉनस्टाप फ्लाइट का किराया 90 हजार से 1.09 लाख रुपये तक है। मुंबई से 14 फरवरी को एअर इंडिया की नॉनस्टाप फ्लाइट का किराया 90 हजार तक है। वहीं, 14 और 15 फरवरी को कोलंबो में तीन सितारा, चार सितारा और पांच सितारा होटल एक रात का किराया 1.14 लाख रुपये तक है। आम दिनों में कोलंबो में बड़े होटलों का किराया 40 हजार तक रहता है। हालांकि, छोटे होटलो और गेस्ट हाउस में दो से तीन हजार रुपये तक में भी रूम मिल जाएगा।

मुकाबे को लेकर बना हुआ था संशय

भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर पहले संशय बना हुआ था। 15 फरवरी को होने वाले इस मैच का पाकिस्तान ने बहिष्कार करने का फैसला किया था। हालांकि, आईसीसी के हस्तक्षेप के बाद उसने मैच में खेलने का एलान किया। बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने की वजह से पाकिस्तान ने उनका समर्थन करने के लिए ऐसा निर्णय लिया था। हालांकि, आईसीसी, पीसीबी और बीसीबी के बीच बातचीत के बाद मामले को सुलझा लिया गया।

पाकिस्तान की सरकार ने सोमवार देर रात भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने की इजाजत दी थी। इसके बाद ही फ्लाइट के टिकट बुकिंग में तेजी आई और इसी वजह से अब किराया महंगा हो गया है। इसके अलावा भारी मांग को देखते हुए श्रीलंका में होटलों ने भी किराए में बढ़ोतरी की है।