नई दिल्ली : बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के बारे में ऐसा कहा जाता है कि दो एक्ट्रेसेज कभी भी अच्छी दोस्त नहीं हो सकतीं। ऐसा कई बार देखने को भी मिला है जहां एक्ट्रेसेज की कैट फाइट काफी वायरल हुई थी। हालांकि वहीदा रहमान,आशा पारेख और हेलेन की तिकड़ी ने कई बार इस बात को गलत साबित किया।
बीते दिनों ही सिनेमा में दो एक्ट्रेसेस के बीच एक अवॉर्ड को लेकर तनातनी हुई। हालांकि ये तनातनी इंटरनेट से शुरू हुई और इंटरनेट पर ही खत्म हो गई। जिन दो एक्ट्रेसेस के बीच में ये हुआ वो हैं यामी गौतम और कृति सेनन। अब एक अवॉर्ड की लड़ाई कैसे सोशल मीडिया पर आई? आज जानते हैं इसी के पीछे की पूरी कहानी…
क्या था मामला?हुआ ये कि बीते दिनों एक अवॉर्ड शो में यामी गौतम ‘हक’ (Haq) के लिए और कृति सेनन ‘तेरे इश्क में’ (Tere Ishq Mein) के लिए नॉमिनेटेड थे। जी सिने अवॉर्ड्स 2026 का ये पुरस्कार कृति सेनन की झोली में चल जाता है और कृति को मिल जाता है बेस्ट एक्ट्रेस का खिताब। अब अवॉर्ड कृति की झोली में गया, इससे किसी को परेशानी नहीं हुई, लेकिन इंटरनेट पर ये बात कुछ लोगों को पसंद नहीं आई और विवाद की आग पूरे इंटरनेट पर फैल गई कि, आखिर कृति को जो अवॉर्ड दिया गया, क्या उसकी हकदार यामी गौतम नहीं थीं?
यामी के फैंस का मानना था कि यामी को उनकी फिल्म ‘हक’ (Haq) के लिए यह पुरस्कार मिलना चाहिए, ना कि कृति को। हालांकि कृति को ये सम्मान मिला तो इसमें कृति को दोषी नहीं ठहराया गया, लेकिन जाने-अनजाने में लोगों ने कृति को भी लपेटे में लिया। हालांकि असल में अवॉर्ड देने की जिम्मेदारी जूरी की होती है, ना कि किसी और की।
ऐसे में कृति को अवॉर्ड मिलने से लोगों की नाराजगी उनके साथ-साथ अवॉर्ड शो के जूरी मेंबर्स पर भी थी। साथ ही सवालिया निशान बॉलीवुड और लॉबी पर भी खड़े कर दिए गए, पर इस सबमें यामी और कृति दोनों की ही कोई गलती नहीं थी। ना तो यामी ने इस अवॉर्ड के लिए पब्लिकली अपनी नाराजगी जाहिर की और ना ही कृति ने इस पर कुछ कहा, पर इंटरनेट यूजर्स ने ये मुद्दा छेड़कर एक बहस जरूर खड़ी कर दी।
यामी ने दी अपनी सफाईइस मुद्दे के बीच में ही इंटरनेट पर यामी गौत ने एक ऐसी रील लाइक कर दी जिसने इस विवाद की चिंगारी को और हवा दे दी। दरअसल यामी से एक रील लाइक हुई, जिसमें कृति सेनॉन को बेस्ट एक्ट्रेस के लिए मिले अवॉर्ड पर सवाल किया गया था। अब यामी का इस रील को लाइक करना इंटरनेट वालों के शक को यकीन में बदल गया कि कृति को मिले अवॉर्ड से यामी भी खफा हैं। हालांकि यामी ने इस मामले में अपनी तुरंत सफाई दी थी और कहा कि उनका इरादा किसी को नीचा दिखाने का नहीं था और ये रील उनसे गलती से लाइक हुई।
यामी ने लिखा, ‘मुझे पता चला कि मैंने एक ऐसी रील को लाइक किया है जो दूसरे एक्टर के प्रति अपमानजनक है। हमें रोज कई चीजों में टैग किया जाता है, यह रील भी उसी तरह सामने आई थी। वह लाइक जानबूझकर नहीं किया गया था, शायद गलती से क्लिक हो गया होगा।’ यामी ने आगे कहा-‘मेरी कोई पीआर टीम नहीं है।’
यामी ने उन लोगों को भी जवाब दिया जो इसे पब्लिसिटी स्टंट बता रहे थे। यामी के इस कदम को काफी सुलझा हुआ कदम माना जा रहा है जहां उन्होंने बात को बिना आगे बढ़ाए अपना नजरिए साफ किया। यामी और कृति दोनों ही इंडस्ट्री की दमदार एक्ट्रेसेज हैं और अपनी-अपनी जगह अच्छा काम किया है। एक आउटसाइडर होने के नाते इंडस्ट्री में उन्होंने अपने लिए जो जगह बनाई है वो वाकई काबिले-ए-तारीफ है।
कृति सेनन ने साल 2014 में आई फिल्म ‘हीरोपंती’ से अपने करियर की शुरूआत की थी। साल 2021 में ‘मिमी’ (Mimi) में उन्होंने सेरोगेट मां का किरदार निभाया था और इस फिल्म के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला। इसके अलावा भी कृति के करियर में राब्ता, बरेली की बर्फी, दो पत्ती, क्रू, लुका छिपी और तेरे इश्क में जैसी फिल्में शुमार हैं। इन फिल्मों के जरिए कृति लोगों के दिलों पर राज करके गई हैं और कर भी रही हैं। अपने अलग-अलग किरदारों से कृति ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है।
हालांकि अक्सर सिनेमा में मिलने वाले अवॉर्ड्स यामी के लिए उतने मायने नहीं रखते और ऐसा खुद यामी मानती हैं। साल 2025 में फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2025 में आलिया भट्ट को ‘जिगरा’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड मिला, जबकि ‘आर्टिकल 370’ के लिए यामी गौतम भी नॉमिनेटेड थीं, लेकिन उन्हें अवॉर्ड नहीं मिला। इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया और फैन्स के बीच काफी बहस हुई, क्योंकि कई लोगों को लगता था कि यामी गौतम की एक्टिंग और किरदार, आलिया की जिगरा के मुकाबले तो काफी बेहतर था, जबकि जिगरा एक बड़ी फ्लॉप फिल्म थी।
अब ये यामी के लिए उनके फैंस का प्यार ही है जिन्हें लगता है कि उनकी पसंदीदा एक्ट्रेस के साथ सही नहीं हुआ। कृति सेनन और यामी के बीच जो कोल्ड वॉर जैसी सिचुएशन दिखाई जा रही थी वैसा कुछ भी नहीं है। ये वॉर केवल फैंस और सोशल मीडिया से शुरू हुई और वहीं पर खत्म हो गई और यकीनन अगर यामी और कृति कभी एक-दूसरे से मिलेंगी तो जाहिर है एक-दूजे को गले जरूर लगाएंगीं और हो ना हो इस सोशल मीडिया की ‘बहस’ पर चर्चा तो जरूर करेंगीं।




