प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (रविवार को) पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में चुनावी रैली करने पहुंचे। यहां PM मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड से मैंने पश्चिम बंगाल में परिवर्तन महाअभियान शुरू किया था। ब्रिगेड ग्राउंड की वो ऐतिहासिक तस्वीरें और जनसैलाब देखकर पूरा टीएमसी सिंडिकेट घबराया हुआ है। और आज कूचबिहार में मैं देख रहा हूं ब्रिगेड ग्राउंड में जो बिगुल बजाया था, कूचबिहार ने उस पर अपनी मुहर लगा दी है।
विकास के लिए वोट देने की अपील
PM मोदी ने कहा, ‘एक तरफ टीएमसी का डर है और दूसरी तरफ इसका मुकाबला करने के लिए आपके पास बीजेपी का भरोसा है। एक तरफ टीएमसी के कट मनी और भ्रष्टाचार का डर है, दूसरी तरफ विकास को तेज रफ्तार देने वाली बीजेपी का भरोसा है। एक तरफ घुसपैठ कराकर, विदेशियों को यहां बसाने का डर है, दूसरी तरफ घुसपैठ रोककर सारे घुसपैठियों को पश्चिम बंगाल से बाहर करने का BJP का विश्वास है।’
नारीशक्ति को सुरक्षा का वादा
कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले ‘एक तरफ संदेशखाली जैसी बहनों की चीखें और बेटियों पर होता निर्मम अत्याचार है, दूसरी तरफ नारीशक्ति को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की मोदी की गारंटी है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि इस बार विधानसभा चुनाव के बाद इनके पापों का पूरा हिसाब होगा। चुन-चुनकर हिसाब होगा। 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा। चाहे कोई बड़े से बड़ा गुंडा क्यों न हो, इस बार न्याय होकर रहेगा।’
संवैधानिक संस्था को कुछ नहीं समझती TMC
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि यहां की निर्मम सरकार बंगाल की इस पावन माटी पर हर रोज लोकतंत्र को लहुलूहान कर रही है। ये निर्मम सरकार अपने आगे किसी संवैधानिक संस्था को कुछ भी नहीं समझती। दो-तीन पहले पूरे देश ने देखा है कि कैसे मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाकर रखा गया। TMC कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने पर तुली हुई है।
सच्चे सशक्तिकरण का रास्ता खोलेगी BJP सरकार
PM मोदी ने कहा कि हमारा बंगाल शक्ति पूजा की धरती है। मैं यहां आए सभी बहनों-बेटियों को, बंगाल की हर बहन-बेटियों से कहूंगा कि बीजेपी आपके सम्मान और आपकी समृद्धि के लिए मैदान में है। बीजेपी सरकार आएगी तो महिलाओं के सच्चे सशक्तिकरण का रास्ता खोलेगी और ये हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है।



