खैरागढ़ :जिले में सट्टा, जुआ और शराब जैसे सामाजिक बुराइयों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में छुईखदान पुलिस ने सट्टा लिखते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयस्तंभ के पास एक व्यक्ति लोगों से पैसा लेकर कागज पर अंकों के सामने रुपये-पैसे लिखकर सट्टा-पट्टी संचालित कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी छेरकुराम वर्मा (57 वर्ष), निवासी कानीमेरा, थाना छुईखदान को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल, सट्टा-पट्टी, डॉट पेन, मोबाइल संदेशों के स्क्रीनशॉट तथा 1210 रुपये नगद जब्त किए गए।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 129/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 एवं 7 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। प्रकरण की आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में सट्टा, जुआ और शराब जैसे अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



