Home छत्तीसगढ़ जुआ खेलते 8 आरोपी गिरफ्तार, 4 भेजे गए जेल… रायगढ़ पुलिस का...

जुआ खेलते 8 आरोपी गिरफ्तार, 4 भेजे गए जेल… रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन

0

रायगढ़ :  जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जूटमिल क्षेत्र में चल रहे जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 8 जुआरियों को गिरफ्तार कर ₹24,200 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना साइबर और थाना जूटमिल की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि मौदहापारा इलाके में स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी।

पुलिस टीम को देखते ही कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि 8 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अलेख कुमार पटेल, भरत माखीजा, मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू, हमीद अली, कर्नल सिंह, जय कुमार सिंह, मोहम्मद अजीज और मोहम्मद गुलफाम शामिल हैं।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू और जय कुमार सिंह थाना जूटमिल क्षेत्र के सूचीबद्ध गुंडा बदमाश हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने सभी आरोपियों को जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से चार आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक सहित थाना साइबर और थाना जूटमिल की टीम शामिल रही।

एसएसपी ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने युवाओं से ऐसे गैरकानूनी कार्यों से दूर रहने की अपील भी की है।