Home छत्तीसगढ़ ग्रामीण विकास में बालोद का जलवा, झलमला पंचायत ने हासिल किया टॉप...

ग्रामीण विकास में बालोद का जलवा, झलमला पंचायत ने हासिल किया टॉप रैंक

0

रायपुर : पंचायत राज मंत्रालय द्वारा नौ बिंदुओं के आधार पर ग्राम पंचायतों के बारे में मिली रिपोर्ट के आधार पर रैंकिंग जारी कर दी गई है। खास बात यह है कि पंचायत विकास सूचकांक में बालोद जिले की झलमला ग्राम पंचायत ने 78.77 अंकों के साथ प्रदेश में टॉप किया है। इस पंचायत ने पारदर्शिता, बुनियादी सुविधाओं और जनभागीदारी के फार्मूले को मजबूत किया है। जबकि छत्तीसगढ़ के बड़े जिलों की किसी ग्राम पंचायत को रैंकिंग में अच्छा ग्रेड नहीं मिला है।

पंचायती राज मंत्रालय ने स्थानीय प्रशासन को मजबूत करने और जनभागीदारी से ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर वित्तीय वर्ष 2023-24 की पंचायत उन्नति सूचकांक (पीएआई) 2.0 रिपोर्ट जारी की। हर पंचायत के लिए एक रिपोर्ट कार्ड जारी किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार 3,635 ग्राम पंचायतें अग्रणी श्रेणी में हैं, जबकि 1,18,824 ग्राम पंचायतें (भाग लेने वाली ग्राम पंचायतों/पारंपरिक स्थानीय निकायों का लगभग 45.72 प्रतिशत) उत्कृष्ट श्रेणी में हैं। उत्कृष्ट श्रेणी में आने वाली ग्राम पंचायतों ने गरीबी मुक्त विकास, आजीविका में सुधार और स्वस्थ पंचायत के लिए काम किया है। गरीबी मुक्त और बेहतर आजीविका के विषय में देशभर में कुल 3,313 ग्राम पंचायतों (जीपी)/ पारंपरिक स्थानीय निकायों (टीएलबी) ने ए+ ग्रेड हासिल किया ह। जबकि स्वस्थ पंचायतों के अंतर्गत कुल 1,015 ग्राम पंचायतें ए+ ग्रेड में हैं। रैंकिंग के लिए 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 2,59,867 ग्राम पंचायतों ने दावा पेश किया था।

छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतें

पंचायत विकास सूचकांक में गरीबी मुक्त और आजीविका में धमतरी जिले के कुरुद ब्लॉक की मंदरौद पंचायत ने 94.4 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। जबकि स्वस्थ पंचायत में बलरामपुर की खम्हारिया 91.3 अंक के साथ आगे है। बाल हितैषी में बालोद जिले की कचिया पंचायत ने 95.7 अंक, स्वच्छ और हरित पंचायत में जशपुर की सरडीह पंचायत ने 95.0 अंक और दुर्ग की विनायकपुर 92.22 अंक लेकर बुनियादी ढांचे में टॉप पर रही। सामाजिक सुरक्षा में मुंगेली की बैहाकापा 88.6, सुशासन में बस्तर की राइकोट 89.47, महिला हितैषी में राजनांदगांव की परवलकसा ग्राम पंचायत 84.42 अंक के साथ शीर्ष पर है।

ए ग्रेड में छत्तीसगढ़ की केवल 30 ग्राम पंचायत

पंचायत की रैंकिंग ने छत्तीसगढ़ की ग्राम पंचायतों की पोल खोल दी है। रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ से 11643 पंचायतों ने अपना दावा पेश किया था, मगर ज्यादातर खरी नहीं उतरीं। पूरे प्रदेश से केवल 30 पंचायतें ए ग्रेड पा सकीं, जबकि 3936 ‘बी’ में रहीं। इसके विपरीत 5941 पंचायतें ‘सी’ और 1736 डी ग्रेड में दर्ज हुईं। सी और डी ग्रेड बताते हैं कि इन ग्राम पंचायतों ने अपेक्षा के अनुरूप काम नहीं किया है

क्या है पंचायत विकास सूचकांक

केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय का पंचायत विकास सूचकांक देशभर की ग्राम पंचायतों के कार्यों का आकलन करता है। रैंकिंग के लिए स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुशासन, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत ढांचा और पर्यावरण जैसे अहम विषयों को शामिल किया गया है।