Home क्रिकेट भारत के ड्रेसिंग रूम तक गया!, हैंडशेक विवाद पर नया घमासान; पाक...

भारत के ड्रेसिंग रूम तक गया!, हैंडशेक विवाद पर नया घमासान; पाक कप्तान सलमान आगा का बड़ा दावा

0

टी20 विश्‍व कप 2026 में आखिरी बार भारतीय क्रिकेट टीम का सामना पाकिस्‍तान क्रिकेट टीम से हुआ था। दोनों टीमें एक ही ग्रुप में थीं। ग्रुप स्‍टेज के मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्‍तान को 61 रन से करारी शिकस्‍त दी थी।

इससे पहले हुए एशिया कप 2025 में टॉस के दौरान और मैच जीतने के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्‍तानी प्‍लेयर से हाथ नहीं मिलाया था। अब पाकिस्‍तान टीम के कप्‍तान सलमान अली आगा ने नो हैंडशेक की पूरी कहानी बताई।

मैं बिल्कुल नॉर्मल था

आगा ने बताया, “मैं टॉस के लिए गया। उससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस थी। ट्रॉफी के साथ फोटोशूट हुआ उस समय हैंडशेक हुआ। जब मैं टॉस के लिए जा रहा था, तो मैं बिल्कुल नॉर्मल था। मुझे अंदाजा था कि यह इतना सामान्य नहीं होगा, लेकिन मुझे यह नहीं पता था कि हाथ नहीं मिलाया जाएगा। मुझे इसका बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था।”

पहले ही बता दिया था

सलमान ने कहा, “मैं अपने मीडिया मैनेजर नईम भाई के साथ टॉस के लिए गया था। मैच रेफरी का मुझे नाम नहीं याद है, वह मुझे साइड में ले गए और कहा, ‘हैंडशेक नहीं होगा, तो आप इस पर ध्यान दें। मैंने कहा, ‘अगर हाथ नहीं मिलाया जा रहा है तो कोई बात नहीं। मुझे भी ज्यादा दिलचस्पी नहीं है।’ उन्होंने मुझे पहले ही बता दिया था कि हाथ नहीं मिलाया जाएगा।”

हम उनके ड्रेसिंग रूम गए

मैच में भारतीय टीम ने आसानी से जीत हासिल की। हालांकि आगा को मैच से पहले ‘हाथ न मिलाने’ के नियम की जानकारी थी, लेकिन उन्हें विश्वास था कि मैच के बाद दोनों टीमों के बीच हाथ मिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह पूरी पाकिस्तानी टीम को भारतीय ड्रेसिंग रूम में ले गए, लेकिन दरवाजा बंद मिला। आगा ने मैच के आखिरी पलों को याद करते हुए कहा, “उसके बाद मैच खत्म हो गया। हम मैच हार गए। हम हाथ मिलाने के लिए उनके पवेलियन (ड्रेसिंग रूम) जा रहे थे। फिर भी उन्होंने हाथ नहीं मिलाया।”

मुझे यह सही नहीं लगता

आगा ने कहा, “मैंने यह कई बार कहा है, मुझे नहीं लगता कि यह सही है। अगर हम किसी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, मैं पाकिस्तान के लिए खेलता हूं, तो लोग मुझे देखते हैं। बच्चे इससे प्रभावित होते हैं। अगर अगले दिन किसी क्लब मैच में ऐसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी मेरी ही होगी। क्योंकि मैं भी इसका हिस्सा हूं। इसलिए, जब आप एक आइडियल हैं, तो मुझे नहीं लगता कि ऐसा करना सही है।”