52 साल की मलाइका अरोड़ा ने फिल्म इंडस्ट्री में 30 साल से ज्यादा का सफर तय किया है. मलाइका अरोड़ा अक्सर ही अपने लुक्स को लेकर हर तरफ छाई रहती है. हाल ही में मलाइका ने पुरुषों और महिलाओं की उम्र को देखने के नजरिए को लेकर बात की.
उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि महिलाओं से लगातार उनकी के बढ़ती उम्र के बारे में सवाल पूछे जाते हैं, जबकि पुरुषों को शायद ही कभी ऐसे ही सवालों का सामना करना पड़ता है.
मलाइका अरोड़ा 52 साल की हो चुकी हैं, लेकिन इस उम्र में भी वो कई यंग एक्ट्रेसेज को खूबसूरती और फिटनेस से फेल करती हैं. मलाइका काफी एक्टिव रहती हैं और अपनी फिटनेस का खास ध्यान रखती हैं. एक हालिया बातचीत में उन्होंने अपनी बढ़ती उम्र और बढ़ती उम्र को लेकर महिलाओं और पुरुषों के साथ अलग-अलग बिहेवियर को लेकर बात की.
मलाइका अरोड़ा क्यों भड़कीं
एक हालिया पोडकास्ट में मलाइका अरोड़ा ने समय के साथ अपने लुक्स में आए बदलावों को लेकर लोगों की तरफ से पूछे जाने वाले सवालों पर कहा, “कुछ दिन ऐसे होते हैं जब ये बातें मेरे मन में आती हैं, कुछ दिन ऐसे होते हैं जब मैं साफ-साफ दिख रही बातों पर भी सवाल उठाती हूं. और फिर कुछ दिन ऐसे भी होते हैं जब मुझे बिल्कुल परवाह नहीं होती, क्योंकि मुझे पता है कि मैं वही कर रही हूं जो मुझे पसंद है. मैं अपनी जिंदगी के इस दौर का मजा ले रही हूं, मुझे लगता है कि मैं अपने सबसे अच्छे दौर में हूं और मैं अभी भी बहुत कुछ और करने के लिए बेताब हूं. मेरे लिए असल में यही बात सबसे ज़्यादा मायने रखती है.”
“मर्दों से नहीं पूछे जाते सवाल”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे जो बात दिलचस्प लगती है, वो ये है कि महिलाओं से लगातार उनकी उम्र, खूबसूरती और अट्रैक्शन के बारे में सवाल पूछे जाते हैं, जबकि पुरुषों को शायद ही कभी इस तरह की जांच-पड़ताल का सामना करना पड़ता है. एक महिला से हमेशा ये उम्मीद की जाती है कि वो ये बताए कि वो कैसी दिखती है, ‘क्या तुम्हें अब भी लगता है कि तुम खूबसूरत हो? क्या तुम्हें अब भी लगता है कि तुम अट्रैक्टिव हो? इस उम्र में होना कैसा लगता है?’ ये सवाल लगभग कभी भी पुरुषों से नहीं पूछे जाते.”



