Home छत्तीसगढ़ दुर्ग में गैंग हमला: 20 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या, बचाने...

दुर्ग में गैंग हमला: 20 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या, बचाने आए परिजनों पर भी हमला

0

दुर्ग: दुर्ग में बीती रात राजीव नगर क्षेत्र में उस समय दहशत फैल गई जब आपसी रंजिश के चलते 20 से 25 अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने आए उसके परिजनों पर भी हमला किया गया, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घर के पास टहलते समय की गई युवक की हत्या

जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव नगर में केजू राइस मिल के पास रात करीब 1 बजे हुई। बताया जा रहा है कि 20 वर्षीय जितेश ठाकुर खाना खाने के बाद अपने घर के पास टहल रहा था, तभी घात लगाए बैठे 20 से 25 अज्ञात हमलावरों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार, लाठी और सब्बल से हमला कर जितेश ठाकुर की बेरहमी से हत्या कर दी।

वहीं शोर सुनकर जब उसके बड़े भाई राहुल ठाकुर और चाचा के बेटे नेहरू ठाकुर बीच-बचाव करने पहुंचेतो हमलावरों ने उन पर भी सब्बल, लाठी और चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गंभीर अवस्था में रायपुर और दुर्ग के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना को आपसी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब तक 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।