रायपुर : छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित IIIT के हाॅस्टल में 15 लैपटाॅप चोरी हो गए। बताया जा रहा है कि हाॅस्टल में रहने वाले छात्रों का एग्जाम चल रहा था। छात्र जब परीक्षा दे रहे थे, इस दौरान हाॅस्टल में कोई भी नहीं था। सूनेपन का फायदा उठाकर हाॅस्टल के अंदर से 15 लैपटाॅप लेकर चोर फरार हो गया।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध आरोपी खुद को काम करने वाला बताकर हाॅस्टल के अंदर दाखिल हुए थे। इस दौरान हाॅस्टल पहुंचे और छात्रों के कमरे से लैपटाॅप समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
आशंका जताई जा रही है कि चोरी से पहले चोरों ने हाॅस्टल की रेकी की थी। चोरों को पता था कि छात्रों की परीक्षा चल रही है। इसी का फायदा उठाकर चोर हाॅस्टल पहुंचे और कमरों में रखे छात्रों के लैपटाॅप लेकर फरार हो गए।
मामले में राखी थाना पुलिस द्वारा अपराध दर्ज कर इसकी जांच की जा रही है। साथ ही सीसीटीव फुटेजों को भी खंगाला जा रही है। जांच में कुछ संदिग्ध दिखाई दिए। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस इन संदिग्धों की पहचान में जुटी हुई है।
सुरक्षा पर सवाल
हाॅस्टल के अंदर से छात्रों के लैपटाॅप चोरी की घटना ने संस्थान परिसर की सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी है। सुरक्षा को लेकर संस्थान प्रबंधन के द्वारा किसी तरह का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। छात्रों ने चोरी की घटना के बाद हाॅस्टल सुरक्षा बढ़ाने और प्रवेश व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है।
वहीं, पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर संदिग्ध लोगों की तलाश में जुट गई है। मामले में जांच की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



