Home छत्तीसगढ़ बालोद में बड़ा हादसाः मिट्टी में दबकर तीन मजदूरों की मौत, बिछा...

बालोद में बड़ा हादसाः मिट्टी में दबकर तीन मजदूरों की मौत, बिछा रहे थे पाइपलाइन, तभी हुआ हादसा…

0

बालोद :  छत्तीसगढ़ के बालोद में पाइपलाइन बिछा रहे तीन मजदूरों की मिट्टी में दबने से मौत हो गई। वहीं, तीन मजदूरों का रेस्क्यू किया गया। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर सीवर लाइन का काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके उपर मिट्टी खिसक गई। हादसे में तीन की मौके पर ही दबकर मौत हो गई।

जानिए पूरा मामला

ये पूरा मामला बालोद जिले के राजहरा नगर के दास पान ठेला चौक के पास का है। बीएसपी की सीवरेज लाइन बिछाने का काम चल रहा था। मजदूर पाइप बिछाने का काम कर रहे थे। पाइपलाइन के लिए 10 फीट गड्ढा खोदा गया था।

मजदूर अपना-अपना काम कर रहे थे, इसी दौरान अचानक मिट्टी धसक गई। हादसे में करीब छह मजदूर मिट्टी में दब गए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस और आम लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। घटना में किशुन कुमार, राकेश कुमार और एक महिला मजदूर की मौत हो गई।

तीन अन्य मजदूरों का रेस्क्यू कर उन्हें मिट्टी से बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। अपनों को खो देने की सूचना के बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस मामले में जांच कर रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।