महासमुंद : पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड अजीत शर्मा, जिसे दीवाना सेठ के नाम से भी जाना जाता है, को गुजरात से पकड़ा है। यह मामला 28 फरवरी को शुरू हुआ था, जब बसना पुलिस ने पलसापाली बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक वाहन एपी 15 जेएल 4455 को रोका था। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर घरेलू सामान के नीचे छिपाकर रखा गया 274 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से वाहन चालक रोशन यादव को गिरफ्तार किया था।
पुलिस की गहन जांच में यह सामने आया कि रायपुर के कबीर नगर में संचालित विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स का मालिक अजीत शर्मा इस पूरे अवैध कारोबार का मुख्य संचालक है। वह ‘मूवर्स एंड पैकर्स’ के व्यवसाय का उपयोग एक कवर के रूप में करता था। आरोपी ओडिशा के सप्लायर राजू महानंद से भारी मात्रा में गांजा खरीदता था। बाद, ग्राहकों के पुराने घरेलू सामान की पैकिंग करते समय उनके नीचे गांजे के पैकेट छिपा दिए जाते थे ताकि पुलिस को शक न हो। इस शातिर तरीके से वह उड़ीसा से राजस्थान तक गांजे की सप्लाई कर रहा था। फरवरी में गांजा पकड़े जाने के बाद से ही अजीत शर्मा फरार था और अपनी पहचान छिपाकर गुजरात में रह रहा था। बसना पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने सूचना के आधार पर गुजरात में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मास्टरमाइंड संचालक विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स हरियाणा निवासी अजीत शर्मा के अलावा रोशन यादव को 28 फरवरी को व राजू महानंद निवासी ओडिशा 12 मार्च को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अजीत शर्मा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
निजी तस्वीरें वायरल, आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। जिला पुलिस ने महिलाओं की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पश्चिम बंगाल निवासी रोनोजीत दोलाई ने पीड़िता का मोबाइल मांगकर उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो अपने फोन में ट्रांसफर कर लिया। पीड़िता के मना करने के बावजूद, आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उन तस्वीरों को सार्वजनिक कर दिया और उसे ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर सबूतों के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और आपत्तिजनक डिजिटल डेटा भी जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।



