Home छत्तीसगढ़ सुशासन तिहार से आमजन को मिल रहा लाभ, राजस्व प्रकरणों के त्वरित...

सुशासन तिहार से आमजन को मिल रहा लाभ, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर दें विशेष ध्यान: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

रायगढ़ :  विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत शनिवार को रायगढ़ में रायगढ़, कोरबा और जांजगीर-चांपा जिलों के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। जिला कार्यालय के सृजन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों, राजस्व प्रकरणों, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि और अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का सकारात्मक असर अब आम लोगों तक पहुंच रहा है और शासन की योजनाओं का लाभ तेजी से मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि “हम सभी जनता के सेवक हैं और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।”

राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटियों को सुधारने और जानबूझकर गलती करने वाले कर्मचारियों व पटवारियों पर कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा शुरू की जाएगी, जिसके जरिए नागरिक फोन और ऑनलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के समय-सीमा में निराकरण के भी निर्देश दिए गए।

ग्रीष्मकाल को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने और बारिश के दौरान फैलने वाली मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पहले से तैयारी रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का उल्लेख करते हुए डीजल-पेट्रोल के उपयोग में मितव्ययता बरतने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कृषि तैयारियों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज भंडारण और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को एसएसपी, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसे विकल्पों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। साथ ही महिला सशक्तिकरण के तहत अधिक संख्या में ‘ड्रोन दीदी’ तैयार करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ कार्ड बनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि पात्र लोगों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने रायगढ़ जिले के निजी स्कूलों के बोर्ड परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत कम आने पर चिंता जताते हुए जांच के निर्देश दिए और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया।

बैठक में ओ.पी. चौधरी, राधेश्याम राठिया, देवेंद्र प्रताप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।